Crime

बीकानेर में 13 वर्षीय छात्रा हत्याकांड: आरोपी डिटेन, दुष्कर्म की आशंका

बीकानेर जिले के एक गांव में आठवीं बोर्ड परीक्षा देने जा रही 13 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक को डिटेन किया है। पूछताछ में आरोपी ने गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने दुष्कर्म की भी आशंका जताई है, हालांकि यह वारदात से पहले हुआ या बाद में, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। मामले का विस्तृत खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए जाने की बात कही गई है।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर के अनुसार, 21 फरवरी को बालिका दोपहर 12:15 बजे घर से परीक्षा देने निकली थी। करीब 1:46 बजे स्कूल प्रशासन ने सूचना दी कि वह स्कूल नहीं पहुंची। तलाश के दौरान कुछ दूरी पर उसका शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला।

जांच में सामने आया कि रास्ते में आरोपी युवक ने छात्रा को जबरन रोका। विरोध करने पर उसका गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में युवक को घटना के समय क्षेत्र में आते-जाते देखा गया। खेत में काम पर जाने के उसके दावे और घटनास्थल की दूरी में अंतर पाए जाने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने अपराध कबूल कर लिया।

दो दिन की पूछताछ के बाद युवक को डिटेन किया गया। घटना के चौथे दिन ग्रामीणों के धरने के बाद पुलिस-प्रशासन से सहमति बनी और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

प्रशासन ने परिजनों को 5 लाख रुपये पीड़ित प्रतिकर योजना से, 5 लाख रुपये मुख्यमंत्री सहायता कोष से तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया है। साथ ही 1 करोड़ रुपये मुआवजे का प्रस्ताव सरकार को भेजने की बात कही गई है।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।