Crime

जयपुर में पेमेंट विवाद में युवक की हत्या, सरिए से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

जयपुर के मुहाना इलाके में रविवार देर रात पेमेंट विवाद ने खूनी रूप ले लिया। टाइल्स लगाने वाले एक युवक की सरिए से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक अपने दोस्त के साथ शराब पार्टी करने के बाद ठेकेदार से बकाया रकम मांगने गया था। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई और युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया।

मुहाना थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सीकर का रहने वाला था मृतक सचिन

थानाधिकारी मुकेश खरड़िया ने बताया कि मृतक की पहचान सीकर जिले के नीमकाथाना निवासी सचिन वर्मा (25) के रूप में हुई है। सचिन टाइल्स लगाने का काम करता था और रविवार को अपने दोस्त ऐपी से मिलने रिंग रोड स्थित मुहाना क्षेत्र आया था।

पुलिस के अनुसार, देर शाम दोनों दोस्तों ने घर पर शराब पार्टी की। इसी दौरान ऐपी ने सचिन को बताया कि ठेकेदार बुद्धराम उसकी टाइल्स लगाने की मजदूरी का भुगतान नहीं कर रहा है। इसके बाद दोनों रात करीब 11 बजे ठेकेदार से पैसे मांगने उसके घर पहुंच गए।

कहासुनी के बाद हुआ खूनी संघर्ष

पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के दौरान मारपीट भी हुई। इसी बीच मौके पर मौजूद ठेकेदार बुद्धराम के दोनों भतीजे भी झगड़े में शामिल हो गए।

आरोप है कि एक भतीजे किशन (20) ने लोहे के सरिए से सचिन के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सचिन मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद उसका साथी ऐपी वहां से भाग गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलने पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सचिन को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठेकेदार बुद्धराम और उसके दोनों भतीजों को राउंडअप कर लिया। मामले में पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

हत्या के मामले में जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।