पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी और आसूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद विशेष टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
वीडियो में विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की बात सामने आई। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद तकनीकी माध्यमों से वीडियो से संबंधित जानकारी जुटाई गई और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आसूचना तंत्र से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और चारों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही घटना के संबंध में पृथक प्रकरण दर्ज कर पूरे मामले का अनुसंधान किया जाएगा। जांच के दौरान वायरल वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जाएंगी।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान मौके पर और कौन-कौन लोग मौजूद थे और वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया था। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि और अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में की गई। एएसपी ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल और किशनगढ़ डीएसपी धर्मराज चौधरी के निकटतम सुपरविजन में गांधीनगर थाना पुलिस की विशेष टीम ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अजमेर पुलिस ने कहा कि विदेशी पर्यटकों के साथ अभद्रता और महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे मामलों में भी तथ्य जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।