सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने मैस में रखे खाने-पीने के सामान की जांच की। इस दौरान करीब 70 किलो आटा, मैदा, बेसन, अरहर दाल और मूंग दाल में इल्लियां मिलीं। खाद्य सामग्री में इल्लियां मिलने के बाद टीम ने इन सभी सामान को मौके पर ही नष्ट करवा दिया, ताकि इन्हें भोजन बनाने में इस्तेमाल नहीं किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मैस में फंगस लगी पुरानी ब्रेड और पाव भी मिले। टीम ने इन्हें भी मैस से हटवाकर मौके पर ही नष्ट कराया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मैस में इस्तेमाल किए जा रहे सोयाबीन तेल और मसाले के एक-एक नमूने लिए।
दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
खाद्य सामग्री की जांच के साथ टीम ने मैस में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैस संचालक को नोटिस जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अस्पतालों के अंदर और आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अभियान के दौरान टेल्को सर्किल के पास स्थित एक रेस्टोरेंट की किचन का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी साफ-सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिली। संचालक को नोटिस देने के साथ रेस्टोरेंट से सर्विलांस के तहत दो खाद्य नमूने लिए गए।
वहीं, भगत सिंह सर्किल के पास एक रसोई से सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। आसपास संचालित ढाबों से लाल मिर्च पाउडर और दही के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार करने के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अस्पतालों में मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठे हैं। विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रखरखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था जांचने के लिए निरीक्षण जारी रखने की बात कही गई है।
कार्रवाई के दौरान केशव गोयल, विश्व बंधु गुप्ता, जय सिंह यादव, अशोक लखेरा, नीरज रावत, अंजली मीणा, अलका, नितेश और राजेश पूनिया मौजूद रहे। टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।