Crime

बालोतरा में सनसनीखेज वारदात, पति ने सरेराह चाकू से रेता पत्नी का गला, हत्या के बाद खुद का भी पेट और गला काटा

बालोतरा: सिवाना कस्बे के 'जीनगरों के वास' मोहल्ले में शनिवार दोपहर करीब पौने एक बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को लहूलुहान कर सड़क पर विक्षिप्त अवस्था में घूमने लगा। गंभीर रूप से घायल पति को बालोतरा के नाहटा अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

 

छुट्टियों में बच्चों के साथ पीहर आई थी पत्नी

सिवाना थानाधिकारी (CI) चंद्र सिंह ने बताया कि मृतका कांता (30) मूल रूप से समदड़ी की रहने वाली थी।

  • पीहर आया था पति: कांता इन दिनों स्कूल की छुट्टियां होने के कारण अपनी 14 साल की बेटी और 10 साल के बेटे के साथ सिवाना स्थित अपने पीहर (जीनगरों के वास) आई हुई थी।

  • गली में बुलाकर किया हमला: शनिवार दोपहर समदड़ी निवासी उसका पति नितेश कुमार जीनगर (32) अपनी पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचा। नितेश ने कांता को घर के पास वाली एक सुनसान गली में बातचीत करने के लिए बुलाया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।

 

चाकू से काटा गला, मौके पर ही थमीं सांसें

आपसी विवाद में आपा खो चुके नितेश ने अपने पास रखे धारदार चाकू से कांता के गले पर जोरदार वार कर दिया।

  • तड़पकर तोड़ा दम: चाकू के वार से कांता की श्वास नली कट गई और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

 

खुद के पेट में घोंपा चाकू, लहूलुहान हालत में बाजार पहुंचा

पत्नी की जान लेने के बाद आरोपी नितेश ने खौफनाक कदम उठाते हुए उसी चाकू से खुद के गले और पेट पर भी कई वार किए, जिससे उसकी अंतड़ियां बाहर आ गईं।

  • दुकान के बाहर बैठा: खुद को गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपी हाथ में खून से सना चाकू लहराते हुए मुख्य मोहल्ले और बाजार की तरफ पैदल ही चल पड़ा। रास्ते भर खून की बूंदें बिखरती रहीं। वह लहूलुहान हालत में एक दुकान के बाहर जाकर बैठ गया।

  • दहशत में आए लोग: सड़क पर एक शख्स को इस हालत में देखकर स्थानीय दुकानदार और राहगीर बुरी तरह घबरा गए और तुरंत सिवाना थाना पुलिस को मामले की इत्तला दी।

 

जोधपुर रेफर, घटनास्थल पर बुलाई गई FSL टीम

सूचना मिलते ही सिवाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से आरोपी नितेश को तुरंत सिवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बालोतरा के नाहटा जिला अस्पताल भेजा, जहां स्थिति और बिगड़ने पर उसे तत्काल जोधपुर (एमडीएमएच) रेफर कर दिया गया है। दूसरी तरफ, पुलिस ने मृतका कांता के शव को कब्जे में लेकर सिवाना सीएचसी की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है और पीहर पक्ष को सूचित कर दिया है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस आपसी रंजिश और विवाद के मुख्य कारणों की जांच में जुटी है।

Similer Posts