जयपुर: राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गोविंद वाटिका में गुरुवार रात एक कलयुगी पति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की सिर पर भारी पत्थर से वार कर और मुंह कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ आरोपी शुक्रवार सुबह अपने बुजुर्ग पिता को चाय बनाकर पिलाई और फिर चुपचाप घर से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण सहित भारी पुलिस जाब्ता, एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वारदात का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई:
सोते समय किया हमला: डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि गोविंद वाटिका स्थित प्लाट नंबर A-169 में राहुल झा ने अपनी पत्नी गीता झा (40) और तीन बेटियों—नंदनी (22), राधिका (17) व गिरीश उर्फ गौरी (14) की हत्या की।
अलग-अलग कमरों में मिले शव: गीता की लाश पहली मंजिल के कमरे में मिली, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि राहुल ने देर रात सोते समय एक-एक कर चारों पर हमला किया।
आला-ए-कत्ल बरामद: पुलिस ने खून से सना वह पत्थर बरामद कर लिया है जिससे वार किए गए थे। आरोपी अपना मोबाइल स्विच ऑफ करके घर पर ही छोड़ गया है।
वारदात के बाद आरोपी के सामान्य व्यवहार ने सबको चौंका दिया:
पिता को नहीं होने दी भनक: आरोपी राहुल ने शुक्रवार सुबह 7 बजे रोज की तरह दूधवाले से दूध लिया। इसके बाद उसने अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें पिलाई।
खून देखकर रोने लगे बुजुर्ग पिता: चाय पीने के कुछ देर बाद जब बुजुर्ग पिता टॉयलेट से बाहर आए और नीचे के कमरे में खून बिखरा देखा तो वे फूट-फूटकर रोने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने सुबह 10 बजे पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और तनाव की बात सामने आ रही है:
पारिवारिक पृष्ठभूमि: मृतका गीता घर की पहली मंजिल पर ब्यूटी पार्लर चलाती थी। सबसे बड़ी बेटी नंदिनी पढ़ाई के साथ प्राइवेट जॉब करती थी, राधिका 12वीं और सबसे छोटी गौरी 8वीं कक्षा में पढ़ती थी।
शेयर बाजार में घाटे की आशंका: पड़ोसियों ने बताया कि राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता है और तीन दिन पहले ही गुजरात से लौटा था। एक पड़ोसी महिला के अनुसार, राहुल ने तीन दिन पहले उससे 50 हजार रुपये उधार मांगे थे, जिसमें से महिला ने उसे 25 हजार रुपये दिए थे। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।