बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर में गुरुवार दोपहर को नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के काफिले के दौरान भारी हंगामा हो गया। काफिले के बीच में एक इनोवा कार के आ जाने से नाराज आरएलपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कार पर सरिये, डंडों और लातों से हमला कर दिया। इस हमले में कार के शीशे पूरी तरह टूट गए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से अब तक कोई आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
सांसद हनुमान बेनीवाल गुरुवार को जोधपुर से बाड़मेर पहुंचे थे। दोपहर करीब 3 बजे बाड़मेर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करने के बाद उनका काफिला देरासर गांव में आयोजित एक जनसभा के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही काफिला दांता गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक इनोवा कार काफिले के बीच में आ गई। इसे देखकर बेनीवाल के समर्थक आक्रोशित हो गए और उन्होंने काफिला रोककर कार में जमकर तोड़फोड़ की। वारदात को अंजाम देने के बाद काफिला आगे के लिए रवाना हो गया।
इस घटना के बाद देरासर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने मंच से विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने घटना का जिक्र करते हुए कहा:
"लोगों के पेट में यह भी दर्द है कि हनुमान बेनीवाल यहां क्यों घूम रहा है। जिनके पेट में दर्द है, वे दवाई ले लें, उसका इलाज हो जाएगा।"
घटना की जानकारी मिलते ही बाड़मेर ग्रामीण थाना प्रभारी विक्रम चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने कार सवार श्रवण सिंह (निवासी कोटडा, शिव थाना क्षेत्र) से पूछताछ की।
पीड़ित श्रवण सिंह ने बताया कि उनकी कार हाईवे की सेंटर पट्टी के पास अपनी ही लेन में चल रही थी, इसके बावजूद बिना किसी गलती के उनके साथ यह बदसलूकी की गई और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। फिलहाल पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।