Crime

कोटा के गवर्नमेंट कॉलेज में NSUI और ABVP के बीच संघर्ष, लोहे की रॉड से फूटा छात्र नेता का सिर

कोटा: शिक्षा नगरी कोटा के राजकीय महाविद्यालय (गवर्नमेंट कॉलेज) में शुक्रवार को छात्र राजनीति ने उग्र रूप ले लिया। कॉलेज परिसर में एनएसयूआई (NSUI) और एबीवीपी (ABVP) के कार्यकर्ता किसी विवाद को लेकर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, धक्का-मुक्की हुई और बेरहमी से मारपीट की गई।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 बजे की है। सूचना मिलते ही नयापुरा थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान उपद्रव कर रहे छात्रों को शांत करने और बीच-बचाव करने के चक्कर में नयापुरा थानाधिकारी खुद दो बार जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने जैसे-तैसे लाठियां भांजकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

 

स्वामी विवेकानंद की मूर्ति खंडित होने पर था विवाद, खून से लिखा पत्र देने पहुंचे थे छात्र

नयापुरा थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि गवर्नमेंट कॉलेज परिसर में लगी स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा (मूर्ति) के क्षतिग्रस्त/खंडित होने के विवाद को लेकर दोनों छात्र संगठन आमने-सामने थे।

एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा ने बताया कि प्रतिमा को क्षति पहुंचाए जाने के विरोध में उन्होंने पहले भी कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा था। शुक्रवार को वे इसी सिलसिले में अपने कार्यकर्ताओं के साथ 'खून से लिखा पत्र' लेकर दोबारा ज्ञापन देने कॉलेज पहुंचे थे। एनएसयूआई की मांग थी कि विवेकानंद जी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले समाजकंटकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और सात दिनों के भीतर परिसर में नई भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए।

 

लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, छात्र नेता का सिर फोड़ा और छात्राओं से की बदसलूकी

एनएसयूआई ने आरोप लगाया है कि जब वे अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे, तभी कॉलेज गेट के बाहर पहले से ही घात लगाकर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ताओं और कुछ बाहरी युवकों ने उन पर हमला कर दिया। रिद्धम शर्मा के मुताबिक, हमलावरों में कई ऐसे युवक भी शामिल थे जो कॉलेज के नियमित छात्र तक नहीं हैं।

आरोप है कि नारेबाजी के बीच अचानक रिद्धम शर्मा के सिर पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया गया, जिससे उनका सिर फूट गया और वे लहूलुहान हो गए। इसके अलावा हमलावरों ने छात्र नेता मोहित वाल्मीकि, हंसवी और छात्रा नेता कावेरी कुमारी के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान कावेरी कुमारी के बाल तक खींचे गए।

 

नयापुरा थाने पहुंचे छात्र, पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर शुरू की जांच

इस खूनी संघर्ष के बाद कॉलेज परिसर में भारी तनाव का माहौल पैदा हो गया। घटना के तुरंत बाद घायल और आक्रोशित एनएसयूआई कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नयापुरा थाने पहुंचे। एनएसयूआई ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर हमलावर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।

थानाधिकारी विनोद कुमार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बताया कि मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह शांत करवा दिया गया है। पुलिस को दोनों ही पक्षों की ओर से लिखित शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं, जिसके आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Similer Posts