राजस्थान के भिवाड़ी के अवैध पटाखा फैक्ट्री के मालिक हेमंत कुमार शर्मा और मैनेजर अभिनंदन को गिरफ्तार कर लिया गया है। हेमंत भिवाड़ी पुलिस की DST टीम में तैनात हेड कॉन्स्टेबल योगेश कुमार शर्मा का भाई है।
16 फरवरी को भिवाड़ी के खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध रूप से पटाखा बनाते समय धमाका हुआ था। इसमें ठेकेदार सहित 7 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे।
17 फरवरी को राजेंद्र के परिजन खुशखेड़ा थाने पहुंचे थे। उन्होंने लिखित में दिया कि वे राजेंद्र कुमार को लेकर थाने में उपस्थित हो जाएंगे। गुरुवार को राजेंद्र कुमार नहीं आता है तो दोबारा से उसके घर और अन्य संबंधित जगहों पर दबिश देकर गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
4 आरोपियों में से दो गिरफ्तार, एक की मौत एएसपी ने बताया-16 जनवरी के हादसे को लेकर 4 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया था। इसमें फैक्ट्री मालिक हेमंत कुमार निवासी शाहजहांपुर (खैरथल-तिजारा), मैनेजर अभिनंदन निवासी मोतिहारी (बिहार), प्लॉट मालिक राजेंद्र निवासी गाजियाबाद (UP) और ठेकेदार अजीत निवासी खुशखेड़ा (भिवाड़ी) शामिल थे।
हेमंत और अभिनंदन को गिरफ्तार किया गया है। राजेंद्र हॉस्पिटल में एडमिट है। ठेकेदार अजीत की हादसे में ही मौत हो चुकी है। डीएनए जांच और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।