अजमेर: अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के बाद उपजे भारी जनाक्रोश और सुरक्षा चिंताओं के बीच प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर को मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल से दौसा की सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।
जगन की हत्या के बाद से ही उसके परिजन और ग्रामीण लगातार पप्पू गुर्जर की जान को खतरा बताते हुए उसके जेल ट्रांसफर की मांग कर रहे थे। परिजनों की सुरक्षा संबंधी मांग को देखते हुए मुख्यालय ने सोमवार को ट्रांसफर के आदेश जारी किए थे।
जेल प्रशासन ने इस संवेदनशील ट्रांसफर को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए जिला पुलिस से अतिरिक्त पुलिस बल (जाप्ते) की मांग की थी।
जेल अधीक्षक का बयान: अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल के अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि मुख्यालय के आदेश मिलने के बाद मंगलवार सुबह जैसे ही अतिरिक्त पुलिस जाप्ता मिला, सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पप्पू गुर्जर को दौसा के लिए रवाना कर दिया गया।
गौरतलब है कि बीते 29 जून को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर ही कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही गुर्जर समाज, परिजनों और डांग क्षेत्र के ग्रामीणों में जेल प्रशासन और पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश था। परिजनों ने प्रशासन के सामने सुरक्षा और निष्पक्ष जांच सहित 5 प्रमुख मांगें रखी थीं।
मांगें पूरी न होने पर, बीती 12 जुलाई को जगन गुर्जर की बारहवीं की रस्म पूरी होने के बाद परिजनों और डांग क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने बाड़ी कस्बे की तरफ कूच कर एक बड़े उग्र आंदोलन की चेतावनी दे डाली थी।
ग्रामीणों के कूच और आंदोलन की चेतावनी से क्षेत्र में माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया:
चौराहे पर वार्ता: धौलपुर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए आधी रात को ही गजपुरा चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। अधिकारियों ने सड़क पर ही ग्रामीणों से सीधी वार्ता शुरू की।
बनी सहमति: प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की सभी 5 प्रमुख मांगों पर सहमति जताने के बाद माहौल शांत हुआ।
SHO पर गिरी गाज: कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता के आक्रोश को शांत करने के लिए प्रशासन ने बाड़ी थानाधिकारी (SHO) देवेंद्र शर्मा को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।