जयपुर: जयपुर के खरबास सर्कल पर लग्जरी कार से कई लोगों और ठेलों को कुचलने वाले मुख्य आरोपी दिनेश रणवा को पुलिस ने धर दबोचा है। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने करीब 10 दिनों की कड़ी मशक्कत और 100 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि आरोपी दिनेश रणवा (निवासी दूधवा, चूरू) रिंग रोड क्षेत्र के पास अपने परिचितों से संपर्क करने की फिराक में था। पुलिस टीम को देखते ही उसने फिर से भागने का प्रयास किया, लेकिन वह सड़क पर गिरकर चोटिल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी पर 9 जनवरी को तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाकर मासूम लोगों की जान जोखिम में डालने का आरोप है।
दिनेश को पकड़ने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक सूचना तंत्र दोनों का सहारा लिया:
सर्च ऑपरेशन: पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
आर्थिक घेराबंदी: पुलिस ने आरोपी के सभी बैंक खाते और यूपीआई (UPI) फ्रीज करवा दिए थे, जिससे वह पैसे नहीं निकाल सका।
दबिश: गोनेर, रिंग रोड, हाईवे के ढाबों, ट्रक स्टैंड और सोलर प्लांट साइट्स पर लगातार छापेमारी की गई।
पूछताछ में दिनेश ने अपनी फरारी के दौरान की कहानी बयां की:
हादसे के बाद वह गोनेर की तरफ भाग गया और पूरी रात रिंग रोड के किनारे पैदल चलता रहा।
थककर वह जंगल में छिप गया, जहां उसने चरवाहों से खाना मांगकर अपनी भूख मिटाई।
पैसे खत्म होने पर उसने ट्रकों से लिफ्ट ली और हरियाणा से लेकर हरिद्वार तक भटकता रहा। अंत में वह फिर राजस्थान लौट आया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
एडिशनल डीसीपी ललित किशोर शर्मा के अनुसार, घटना के समय कार में दिनेश के साथ मुकेश रणवा, पप्पू और मांगीलाल भी मौजूद थे। पुलिस इस मामले में मुकेश रणवा और पप्पू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य चालक दिनेश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना से जुड़ी अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।