हादसे में 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। वारदात के बाद परिजनों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर कानोता थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान चौमूं के दुल्हा सिंह की ढाणी निवासी रोहित सैनी (26) के रूप में हुई है। वहीं उसका घायल दोस्त सुनील सैनी अस्पताल में भर्ती है।
साथ काम करते थे आरोपी और मृतक: पुलिस के अनुसार, रोहित पिछले एक साल से कानोता-बस्सी क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबारी नरेश अग्रवाल के यहां प्राइवेर्ट ड्राइवर के तौर पर काम करता था। कारोबारी ने अपने कर्मचारियों के रहने के लिए कानोता में एक मकान दे रखा था, जहां रोहित अपने 4-5 सहकर्मियों के साथ रहता था।
सैलरी का विवाद: रविवार रात शराब पार्टी के दौरान सैलरी के लेन-देन को लेकर रोहित का तीन सहकर्मियों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने रोहित और उसके साथी सुनील से मारपीट शुरू कर दी।
सिर पर डंडे से हमला: मारपीट के दौरान एक आरोपी ने रोहित के सिर पर डंडे से जोरदार हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने सड़क पर पड़े रोहित और सुनील को बेरहमी से अपनी कार से कुचल दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की हड़बड़ाहट में आरोपियों की कार आगे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आरोपी वाहन को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस: कानोता थानाधिकारी (SHO) विरेंद्र सिंह ने बताया कि तड़के राहगीरों से कानोता पुलिया के पास दो युवकों के लहूलुहान अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी।
अस्पताल में तोड़ा दम: पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को एम्बुलेंस के जरिए एसएमएस (SMS) अस्पताल भिजवाया। वहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने रोहित सैनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है, जो जांच में प्रॉपर्टी कारोबारी नरेश अग्रवाल की निकली।
सुरेंद्र यादव के पास थी कार: कारोबारी नरेश अग्रवाल से पूछताछ करने पर पता चला कि गाड़ी उनके कर्मचारी सुरेंद्र यादव के पास थी, जो घटना के बाद से ही फरार चल रहा है।
आरोपियों की तलाश में दबिश जारी: कानोता थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें फरार सुरेंद्र यादव और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।