Crime

सीवरेज में स्कूटी गिरने के मामले में JEN सस्पेंड:

जोधपुर के महामंदिर क्षेत्र में सीवरेज मैनहॉल में स्कूटी सवार के गिरने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए, जिला कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित JEN पीयूष अवस्थी को निलंबित कर दिया गया है और ठेकेदार के खिलाफ महामंदिर थाने में FIR दर्ज की गई है।

अधिकारियों ने स्वीकार किया कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। जिला कलेक्टर ने बताया कि ठेकेदार ने सीवरेज के कार्य के दौरान सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा, जबकि किसी भी निर्माण कार्य के टेंडर में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रावधान होता है।

जिला कलेक्टर गौरव ने बताया कि एक वीडियो सामने आया था जिसमें सीवरेज मैनहॉल की मरम्मत का काम चल रहा था, लेकिन मरम्मत के बाद उसे ठीक से बंद नहीं किया गया था। इस गंभीर घटना की सच्चाई जानने के बाद संबंधित ठेकेदार और JEN के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। निगम कमिश्नर की ओर से संबंधित JEN को निलंबित किया गया है, जबकि ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

जिला कलेक्टर ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को यह संदेश दिया है कि भविष्य में किसी भी सरकारी कार्य के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर लापरवाही न बरती जाए और खुदाई के दौरान उचित बैरिकेडिंग की जाए।

यह घटना जोधपुर शहर के महामंदिर स्थित शिव शक्ति कॉलोनी की गली नंबर 4 की थी, जहां 20 मार्च शुक्रवार को एक स्कूटी सवार निगम की लापरवाही का शिकार हो गया। सीवरेज की मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे को उचित तरीके से बैरिकेडिंग नहीं किया गया था। सीवर लाइन जाम होने के कारण सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ था, जिससे गड्ढा दिखाई नहीं दिया और स्कूटी सवार उसमें गिर गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया।