पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि बदमाशों ने भारी कर्ज चुकाने और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए सीए की किडनैपिंग का प्लान बनाया था। इसके लिए आरोपियों ने बकायदा दो दिनों तक रेकी भी की थी।
अपहरण की यह नाटकीय वारदात 10 सितंबर की सुबह हुई थी, जब 50 वर्षीय सीए राजीव गुप्ता सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे थे:
हथियार के दम पर किडनैप: पार्किंग में मर्सिडीज कार में बैठते ही 2 बदमाशों ने हथियार के दम पर राजीव गुप्ता का अपहरण कर लिया और उन्हीं की कार में उन्हें ले जाने लगे।
सीए की हिम्मत से बिगड़ा प्लान: खुद को बचाने के लिए राजीव गुप्ता ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती मर्सिडीज कार का दरवाजा खोलकर अपने दोनों पैर बाहर निकाल लिए और संघर्ष करने लगे।
नाले में पलटी कार: हाथापाई के कारण आमेर थाना क्षेत्र में बेकाबू मर्सिडीज 2 गाड़ियों से टकराती हुई कच्चे रास्ते के पास नाले में जाकर पलट गई। हादसे के बाद दोनों बदमाश डरकर मौके से भाग निकले। आमेर पुलिस ने सीए राजीव गुप्ता को सुरक्षित सकुशल छुड़ाया और कार बरामद की।
वारदात के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की। DCP (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया कि जांच में पुलिस ने आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया:
फर्जी नंबर प्लेट: सीसीटीवी खंगालने पर पता चला कि एक साथी बाइक पर दो किडनैपर्स को सेंट्रल पार्क छोड़कर गया था। जिस बाइक का इस्तेमाल हुआ, उसकी नंबर प्लेट फर्जी निकली।
भागने का रूट ट्रैस: नाले में कार पलटने के बाद दोनों बदमाशों ने अपने तीसरे साथी को फोन कर बुलाया और एक ही बाइक पर बैठकर आगरा रोड की तरफ भाग निकले।
ठिकाने बदलते रहे आरोपी: पुलिस से बचने के लिए बदमाश लगातार अपनी लोकेशन और ठिकाने बदल रहे थे। आखिरकार पुलिस टीम ने बाइक के रूट को ट्रेस करते हुए शुक्रवार दोपहर दबिश देकर तीनों को दबोच लिया।
अशोक नगर थाना पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है:
चेतन शर्मा उर्फ लाला (24 वर्ष): निवासी पोतली गांव, बस्सी थाना क्षेत्र।
हनुमान प्रजापत (23 वर्ष): निवासी पोतली गांव, बस्सी थाना क्षेत्र।
जैनुल खान (23 वर्ष): निवासी नूर नगर लुनियावास, गोनेर रोड (खो नागोरियान)।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चौथे फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।