जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 15 से कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन फॉर्म दाखिल करने के बाद अपने समर्थकों के साथ एसडीएम कार्यालय से बाहर निकले थे। इसी दौरान कार्यालय के बाहर मौजूद नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उन पर और उनके समर्थकों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। हमले में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय धानुका अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
घायल लोगों और कांग्रेस समर्थकों ने घटना के समय एसडीएम कार्यालय के बाहर पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नामांकन के अंतिम दिन प्रत्याशियों और समर्थकों की बड़ी संख्या में भीड़ जुट रही थी, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी।
आरोप है कि नकाबपोश बदमाश हमला करने के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
घटना के बाद फतेहपुर में तनाव का माहौल बन गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एसडीएम कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि राजस्थान के 309 निकायों में चुनाव के लिए आज नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। प्रत्याशी दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन जमा कर सकते हैं। नामांकन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशी और उनके समर्थक जुलूस के रूप में पहुंच रहे हैं।
मंगलवार सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। वहीं प्रत्याशियों को गुरुवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने का मौका मिलेगा। इसके बाद 4 अगस्त को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद मैदान में बचे प्रत्याशियों की वार्डवार सूची जारी होगी।
नामांकन के अंतिम दिन फतेहपुर में हुई इस हिंसक घटना ने चुनावी माहौल को गरमा दिया है। अब पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।