अलवर: दिल्ली में एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की बेटी के साथ दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल मीणा को लेकर रोंगटे खड़े कर देने वाली जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ने दिल्ली में वारदात करने से ठीक 7-8 घंटे पहले अलवर में अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ बलात्कार किया था।
अलवर एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि 19 वर्षीय आरोपी राहुल मीणा राजगढ़ (अलवर) का रहने वाला है।
धोखाधड़ी और जुर्म: 21 अप्रैल की रात राहुल अपने दोस्त के साथ एक शादी समारोह में गया था। वहां दोस्त को बहाना बनाकर वह उसकी बाइक लेकर रात 11 बजे दोस्त के घर पहुँचा और उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया।
दोस्त की पत्नी से ज्यादती करने के बाद आरोपी बाइक से दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस-वे पहुँचा।
लिफ्ट लेकर पहुँचा दिल्ली: आरोपी ने एक्सप्रेस-वे पर एक एम्बुलेंस रुकवाई और उसमें बैठकर 22 अप्रैल की सुबह दिल्ली पहुँच गया।
चार्जिंग केबल से हत्या: दिल्ली पहुँचते ही वह टैक्सी से सीधे अपने पुराने मालिक (IRS अफसर) के घर पहुँचा। वहां उसने अफसर की बेटी के साथ रेप किया और फिर मोबाइल की चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
राहुल पहले इसी आईआरएस अफसर के घर पर नौकर था, इसलिए वह घर के हर कोने और घरवालों की आदतों से वाकिफ था।
घर में एंट्री: उसे पता था कि घर के सदस्य सुबह जिम जाते हैं और नौकरों के लिए डुप्लीकेट चाबी कहाँ छिपाई जाती है। उसी चाबी का इस्तेमाल कर वह सुबह 6:30 बजे घर में दाखिल हुआ और करीब 45 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
दिल्ली पुलिस की जांच में आरोपी के अपराधी बनने के पीछे की मुख्य वजह सामने आई है।
कर्ज में डूबा: राहुल ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और भारी रकम हार चुका था। उसने अन्य घरेलू नौकरों से भी उधार ले रखा था।
नौकरी से निकाला: जब उसके उधार और पैसों की गड़बड़ी की शिकायतें IRS अफसर तक पहुँचीं, तो उन्होंने मार्च में उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसी का बदला लेने और पैसों की चाहत में उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
आरोपी घर से करीब 2 लाख रुपए नकद और कीमती गहने लूटकर भागा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
सबूत: राहुल घर में घुसते और निकलते समय सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था, जिससे पुलिस को उसे दबोचने में आसानी हुई। फिलहाल वह दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में है और जल्द ही अलवर पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेगी।