राजस्थान के नागौर जिले में नेशनल हाईवे-62 पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। खरनाल के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन पीछे चल रहे एक स्कॉर्पियो सवार युवक ने हिम्मत दिखाते हुए करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया और टांकला टोल प्लाजा पर ट्रेलर को रुकवा लिया।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी चालक मौका देखकर फिर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नागौर निवासी रिंकू खान अपने परिवार के साथ ओसियां स्थित अपनी ससुराल में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस नागौर लौट रहे थे। शनिवार रात करीब 8 बजे जब उनकी कार खरनाल के पास नेशनल हाईवे-62 से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अचानक साइड बदल ली और कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में रिंकू खान, उनकी दादी, पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और बेटा घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद शुरू की और एंबुलेंस को सूचना दी।
इसी दौरान पीछे से आ रहे नागौर निवासी मनोहर गोदारा ने घटनास्थल पर रुककर घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और इसके बाद टक्कर मारकर भाग रहे ट्रेलर का पीछा शुरू कर दिया।
मनोहर गोदारा ने अपनी स्कॉर्पियो से करीब 15 किलोमीटर तक ट्रेलर का पीछा किया। आखिरकार टांकला टोल प्लाजा पर उन्होंने ट्रेलर को रुकवा लिया। इसके बाद ट्रेलर चालक और वाहन को वापस घटनास्थल की ओर लाया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान चालक की गतिविधियां संदिग्ध थीं।
स्कॉर्पियो सवार युवक ने आरोप लगाया कि ट्रेलर चालक नशे की हालत में था। इसकी सूचना तत्काल नागौर सदर थाना पुलिस को भी दी गई। इस बीच सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नागौर के जवाहरलाल नेहरू जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही ट्रेलर चालक पास के एक होटल पर वाहन खड़ा कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद नागौर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। ट्रेलर चालक की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक शराब या किसी अन्य नशे में था या नहीं।
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है। वहीं, हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मनोहर गोदारा द्वारा दिखाई गई तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। समय रहते पीछा कर वाहन रुकवाने से पुलिस को जांच के लिए अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।