नागौर: मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र के खुड़खुड़ा गांव में बुधवार रात एक धूणी पर खूनी संघर्ष देखने को मिला। श्रीपंचदशनाम जुना अखाड़ा की धूणी के वर्तमान महंत मंगलगिरी ने वहां बैठे एक श्रद्धालु पर तलवार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना बुधवार रात करीब सवा 10 बजे की है। ग्रामीणों के अनुसार, खुड़खुड़ा गांव में लक्ष्मणगिरी महाराज की धूणी पर एक दिवंगत साधु के भंडारे के आयोजन को लेकर अन्य साधु-संत और ग्रामीण चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान महंत मंगलगिरी अपने कमरे से तलवार और एक पिस्टलनुमा हथियार लेकर बाहर आए और वहां बैठे लोगों पर हमला कर दिया।
हमले में घायल श्रद्धालु छोटाराम ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह धूणी पर बैठा था, तभी महंत ने पीछे से आकर तलवार से वार किया।
गंभीर चोटें: छोटाराम के सिर और सीने पर गहरे घाव आए हैं। वार इतना जोरदार था कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
साधु भी घायल: जब साधु ओंकार गिरी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ में चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर मूंडवा पुलिस थाने से एएसआई जगदीश सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
अस्पताल में भर्ती: पुलिस ने घायलों को तुरंत मूंडवा सीएचसी (CHC) में भर्ती करवाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जांच: पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर जब्त कर ली है। एएसआई ने बताया कि गुरुवार सुबह मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी महंत की तलाश की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस खूनी हमले की मुख्य वजह महंत मंगलगिरी और ग्रामीणों के बीच लंबे समय से चल रहा पैसों का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की गहनता से जांच कर रही है कि क्या यह हमला पूर्व नियोजित था।