Crime

कोटा-भीलवाड़ा हाईवे हादसा: ट्रेलर की टक्कर में 3 बच्चों की मौत, पिता गंभीर घायल

बूंदी। कोटा-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने रौंद दिया। हादसे में दो भाई और एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हैं। सभी चार लोग एक ही बाइक पर सवार थे। घटना बूंदी के डाबी इलाके के दुधी कुड़ी कट पर हुई।

पुलिस के अनुसार, मदन बंजारा अपनी बेटी सुमन, बेटे अंकित और भतीजे करण के साथ किसी बीमार सदस्य को डॉक्टर को दिखाने के लिए पराणा गांव से डाबी जा रहे थे। तभी बिजौलिया (भीलवाड़ा) की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और उन्हें सड़क पर दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

हादसे में 8 से 10 साल के तीनों बच्चों की मौत हो गई। मदन बंजारा को गंभीर हालत में कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ड्राइवर हादसे के बाद ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। डाबी थाना पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर परिजन और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और मुआवजे तथा सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।