अजमेर: जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र के असरी गांव में ग्रामीणों द्वारा कानून अपने हाथ में लेने का एक खौफनाक मामला प्रकाश में आया है। एक युवक को घर में घुसने के संदेह में ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देने के बजाय खुद ही सजा मुकर्रर कर दी। ग्रामीणों ने युवक को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया, जिसका वीडियो गुरुवार को सामने आया है।
सामने आए वीडियो में ग्रामीणों की हैवानियत साफ देखी जा सकती है:
तालिबानी सजा: ग्रामीणों ने सबसे पहले युवक को अर्धनग्न किया और फिर उसे एक पेड़ के तने से रस्सियों के सहारे कसकर बांध दिया।
अमानवीय मारपीट: इसके बाद भीड़ में शामिल लोगों ने उस पर रबर की भारी ट्यूब, लाठियों और बेल्ट से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। युवक को कभी जांघों पर तो कभी पीठ पर बेरहमी से मारा गया।
महिला ने भी चलाई लाठी: इस बर्बरता के दौरान युवक के बाल पकड़कर खींचे गए और उसके सिर को पेड़ के तने पर दे मारा गया। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक महिला ने भी आगे बढ़कर युवक पर लाठी से हमला किया।
मारपीट के दौरान कई लोग युवक पर थप्पड़ और लात-घूंसे बरसाते रहे। पीड़ित युवक खुद को बचाने के लिए हमलावरों के आगे गिड़गिड़ाता रहा और हर संभव कोशिश करता रहा, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों के आगे उसकी एक न चली। युवक दर्द से बुरी तरह कराह उठता है, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा और वे लगातार उस पर वार करते रहे। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी घटना के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को भनक तक नहीं लगने दी।
सोशल मीडिया पर रोंगटे खड़े कर देने वाला यह वीडियो वायरल होने के बाद अजमेर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके की निगरानी कर रहे हैं। सीओ (अजमेर ग्रामीण) रामचंद्र चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि असरी गांव का यह वीडियो सामने आने के बाद मांगलियावास थाना पुलिस तुरंत जांच में जुट गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित युवक की पहचान की जा रही है और उससे विस्तार से पूछताछ करने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह साफ हो पाएगी। कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।