जयपुर: राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। निवारू रोड स्थित एक ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर आई युवती 20 लाख रुपये कीमत का सोने की अंगूठियों से भरा बॉक्स लेकर चंपत हो गई। हालांकि, ज्वेलर और उसके कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 500 मीटर तक पीछा कर युवती को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित ज्वेलर त्रिलोक चंद प्रजापत (37) की शिकायत पर झोटवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे की है:
ग्राहक बनकर पहुंची: निवारू रोड लक्ष्मी नगर स्थित 'भवानी ज्वेलर्स' के मालिक त्रिलोक चंद के मुताबिक, युवती अंगूठी खरीदने के बहाने दुकान पर आई थी।
25 अंगूठियों का बॉक्स: ज्वेलर ने उसके सामने 25 सोने की अंगूठियों से भरा बॉक्स रख दिया। युवती ने दो अंगूठियां पसंद करने का नाटक किया और ऑनलाइन पेमेंट कराने के लिए पिता को फोन करने की बात कही।
मौका पाकर फरार: दुकान में आए दूसरे ग्राहकों को सामान दिखाने के दौरान जैसे ही ज्वेलर की नजर भटकी, युवती 20 लाख रुपये की अंगूठियों का बॉक्स उठाकर दुकान से बाहर भागने लगी। ज्वेलर और उसके वर्कर ने तुरंत पैदल पीछा कर उसे 500 मीटर दूर पकड़ लिया।
पकड़े जाने के बाद युवती के बयानों और उसके पास मिली सामग्री ने सभी को चौंका दिया:
हैरान करने वाला जवाब: ज्वेलर के अनुसार, जब युवती से इस चोरी के बारे में पूछा गया तो उसने बेझिझक कहा, "मुझे जेल जाना है, इसलिए मैंने ऐसा किया।"
पर्स में मिला हमलावर सामान: युवती के पर्स की तलाशी लेने पर उसमें से लाल मिर्च का पाउडर और जलन पैदा करने वाला स्प्रे बरामद हुआ।
साथी चकमा देकर फरार: पूछताछ और घटनाक्रम से सामने आया कि युवती के साथ उसका एक अन्य साथी भी शामिल था। वारदात से ठीक पहले उसे एक कॉल आया था। योजना के मुताबिक साथी को उसे बाइक या गाड़ी पर बिठाकर ले जाना था, लेकिन समय का तालमेल न बैठने और भीड़ को पीछा करते देख उसका साथी उसे अकेला छोड़कर फरार हो गया।
वारदात के बाद मामले की जांच और अधिकारियों के रवैये पर भी सवाल उठ रहे हैं:
सीसीटीवी में कैद वारदात: झोटवाड़ा पुलिस ने पीड़ित ज्वेलर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अधिकारियों की चुप्पी: मामले की अद्यतन स्थिति जानने के लिए जब झोटवाड़ा थानाधिकारी (SHO) रायसल सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने बार-बार कॉल करने के बावजूद फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। वहीं एसीपी (झोटवाड़ा) शिव कुमार भारद्वाज ने भी जानकारी न होने की बात कहकर बाद में फोन उठाना बंद कर दिया।