जयपुर – पिछले 24 घंटे से वकील डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईकोर्ट के बाहर धरने और जाम पर हैं। वकीलों का कहना है कि डॉक्टर की तत्काल गिरफ्तारी जरूरी है, जबकि प्राइवेट हॉस्पिटल्स एंड नर्सिंग होम्स एसोसिएशन इसे गैर वाजिब मान रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस वकीलों के दबाव में कार्रवाई करती है, तो डॉक्टर राज्यभर में आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
सूत्रों के अनुसार, वकीलों ने सोमवार सुबह 11:30 बजे हाईकोर्ट के बाहर धरना शुरू किया था। वे रातभर धरने पर डटे रहे और मंगलवार को भी धरना जारी रहा। वकील साफ कर चुके हैं कि जब तक डॉ. बंसल की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका आंदोलन चलता रहेगा।
धरने के कारण हाईकोर्ट मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वकील जतेंद्र शर्मा की माताजी के कथित चिकित्सकीय लापरवाही के मामले में सितंबर 2025 में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। आरोप है कि इतने समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने न तो डॉक्टर को गिरफ्तार किया और न ही मामले की जांच में तेजी लाई, जिससे पीड़ित परिवार न्याय पाने से वंचित है।
वकीलों का आरोप है कि आम नागरिकों के खिलाफ गंभीर मामलों में पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है, लेकिन प्रभावशाली लोगों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी की जाती है।
हाईकोर्ट ने भी इस मामले पर पुलिस कमिश्नर और बार काउंसिल ऑफ राजस्थान से जानकारी मांगी है।