Rajasthan

राजस्थान ललित कला अकादमी की ओर से 17 मार्च से 21 मार्च तक जवाहर कला केंद्र में ‘कला मेला’ आयोजित किया जाएगा।

राजस्थान ललित कला अकादमी की ओर से 17 मार्च से 21 मार्च तक जवाहर कला केंद्र में ‘कला मेला’ आयोजित किया जाएगा। इसमें राजस्थान के युवा कलाकारों को अपनी कला और रचनात्मकता दिखाने का मौका मिलेगा।

यह आयोजन कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार और जवाहर कला केन्द्र के सहयोग से किया जा रहा है। 17 मार्च को शाम 6 बजे इसका उद्घाटन होगा। इस बार मेले का 25वां संस्करण है।

आयोजकों के अनुसार- यह मेला राजस्थान के उभरते और युवा कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है, जहां वे अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन कर सकते हैं। कला प्रेमियों और विशेषज्ञों से संवाद भी कर सकते हैं। मेले के दौरान अलग-अलग विधाओं के कलाकार अपनी पेंटिंग्स और अन्य रचनात्मक कृतियों को प्रदर्शित करेंगे।

कला मेले का उद्घाटन 17 मार्च को शाम 6 बजे किया जाएगा। मेले के दौरान हर दिन अलग-अलग रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

18 मार्च को कला शिविर, सिंधी भगत, फ्रैस्को कार्यशाला और कैलिग्राफी कार्यशाला आयोजित होंगी। वहीं 19 मार्च को पोस्टर प्रतियोगिता, फड़ वाचन और पद्मश्री अली-गनी की ओर से मांड गायन की प्रस्तुति होगी।

20 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत बाल नाट्य मंचन और कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जबकि 21 मार्च को शाम 6 बजे समापन समारोह के साथ इस कला मेले का समापन होगा।

कला मेले के संयोजक हरशिव शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य कलाकारों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी कला को बड़े स्तर पर प्रस्तुत कर सकें और कला प्रेमियों तक अपनी रचनात्मकता पहुंचा सकें।

वहीं अकादमी के सचिव डॉ. रजनीश हर्ष ने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश की कला संस्कृति को नई ऊर्जा मिलती है और युवा कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। आयोजकों के अनुसार पांच दिवसीय यह कला मेला जयपुर के कला प्रेमियों के लिए एक विशेष आकर्षण रहेगा। इस बार प्रदेशर के सीनियर कलाकारों को भी कला मेले से जोड़ा गया है, जहां युवा कलाकार उनसे रूबरू हो सकेंगे।