Rajasthan

लालसोट में 20 लाख के सोने के आभूषण चोरी का खुलासा, किराएदार युवती समेत 2 गिरफ्तार

लालसोट। शहर के आजाद चौक इलाके में 70 वर्षीय गुड्डी देवी जैन के घर से करीब 20 लाख रुपए के सोने के आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने सात दिन में खुलासा कर दिया। लालसोट थाना पुलिस ने वारदात के आरोप में पीड़िता के घर में किराए पर रहने वाली 22 वर्षीय उमा मीना और उसके साथी कैलाश प्रसाद मीना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के सभी आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

जयपुर से लौटने पर अलमारी का लॉकर मिला खाली

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीपा ने बताया कि गुड्डी देवी जैन ने 21 सितंबर को लालसोट थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह कुछ दिनों के लिए जयपुर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने घर की अलमारी का लॉकर देखा तो उसमें रखे सोने के आभूषण गायब थे।

लॉकर में चार सोने की चूड़ियां, एक सोने की चेन, दो अंगूठियां और दो झुमकियां रखी हुई थीं। पुलिस के अनुसार, ये आभूषण 14 से 20 सितंबर के बीच चोरी किए गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सात दिन के भीतर आरोपियों तक पहुंच गई।

CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वृत्ताधिकारी एसएन यादव के सुपरविजन और थाना प्रभारी हरलाल मीना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके की CCTV मैपिंग, तकनीकी विश्लेषण, इंटेलिजेंस इनपुट और फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस को पीड़िता के घर में किराए पर रहने वाली उमा मीना पर शक हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद सामने आया कि उमा ने अपने परिचित कैलाश प्रसाद मीना के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चार सोने की चूड़ियां, एक चेन, दो अंगूठियां और दो झुमकियां बरामद की गईं।

22 साल की उमा, BSTC सेकंड ईयर की छात्रा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उमा मीना की उम्र 22 साल है और वह रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के निजामपुरा गांव की रहने वाली है। वह BSTC सेकंड ईयर की छात्रा है। लालसोट में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि उमा मीना और कैलाश प्रसाद मीना के बीच पहले से जान-पहचान थी। कैलाश दौसा में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई करता है। पुलिस के मुताबिक चोरी किया गया पूरा सामान कैलाश के कमरे से बरामद किया गया।

पति की मौत, बेटा नहीं; बेटियां भी ससुराल में

पुलिस के अनुसार गुड्डी देवी घर में अकेली रहती हैं। उनके पति का निधन हो चुका है और उनका कोई बेटा नहीं है। उनकी बेटियां शादी के बाद अपने-अपने ससुराल में रहती हैं। ऐसे में घर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने किराएदारों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।

विशेष टीम की भूमिका, अधिकारियों ने की सराहना

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीपा ने बताया कि मामले के खुलासे में थाना प्रभारी हरलाल मीना के साथ एसआई अमरसिंह, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत शर्मा, कांस्टेबल लहरीलाल, प्रवीण कुमार और कंचन की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम को पुरस्कृत करने की बात कही है।