Rajasthan

अजमेर के स्वयंसिद्धा आश्रम में खूनी संघर्ष, लोहे के पाइप से हमला; एक आवासी की मौत

अजमेर। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित स्वयंसिद्धा आश्रम में मंगलवार देर रात दो आवासियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रात करीब 1:30 बजे किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक आवासी ने दूसरे पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। सिर और मुंह पर गंभीर चोट लगने के बाद घायल युवक की हालत बिगड़ गई। पुलिस उसे उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।

कहासुनी के बाद लोहे के पाइप से हमला

पुलिस के अनुसार स्वयंसिद्धा आश्रम में मंगलवार रात करीब 1:30 बजे दो आवासियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मध्यप्रदेश निवासी आमीर खान ने दूसरे आवासी पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया।

हमले में युवक के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आश्रम में अफरा-तफरी मच गई। अन्य आवासियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस घायल युवक को तत्काल जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंची। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार मृतक की वास्तविक पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आश्रम में उसे ‘हुंकार’ उपनाम से जाना जाता था। पुलिस अब उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

आश्रम में 17 पुरुष और एक महिला आवासी

सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभूसिंह ने बताया कि स्वयंसिद्धा आश्रम में वर्तमान में 17 पुरुष और एक महिला आवासी रह रहे हैं। इनमें अधिकांश लोग बेघर और मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए हैं।

आश्रम में देर रात हुई इस घटना के बाद सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब यह भी देख रही है कि विवाद के दौरान वहां मौजूद अन्य आवासियों या कर्मचारियों की क्या भूमिका रही और घटना को रोकने के लिए तत्काल क्या कदम उठाए गए।

FSL और MOB टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े भौतिक साक्ष्यों को सुरक्षित किया है।

सीओ नॉर्थ शिवम जोशी ने भी आश्रम पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

आरोपी से पूछताछ, विवाद की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस ने आरोपी आमीर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आवासियों के बीच कहासुनी के बाद हमला किया गया। हालांकि विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ आश्रम में मौजूद अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही मृतक की वास्तविक पहचान और उसके परिवार से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात के पूरे घटनाक्रम और विवाद की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा।