जयपुर: जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की ओर से जयसिंहपुरा (खोर) में तैयार किए गए 472 बहुमंजिला फ्लैट्स विमुक्त, घुमंतू और अर्धघुमंतु समुदाय के परिवारों को निशुल्क आवंटित किए गए हैं। जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लाभार्थी परिवारों को उनके सपनों के घर की चाबियां सौंपी। सालों से स्थायी आश्रय की बाट जोह रहे इन परिवारों को अब राजधानी में खुद का पक्का घर मिल गया है।
फ्लैट्स में 1 रूम, हॉल, किचन व लेट-बाथ की आधुनिक सुविधा
JDA द्वारा निर्मित इन आवासों में गरीब और वंचित वर्ग की मूलभूत जरूरतों का पूरा ध्यान रखा गया है:सुविधाएं: प्रत्येक फ्लैट में एक बेडरूम, एक हॉल, किचन और आधुनिक शौचालय-स्नानघर (लेट-बाथ) का निर्माण किया गया है। स्थायी ठिकाना: इस आवंटन के बाद 472 परिवारों को अब किराए या अस्थायी झोंपड़ियों के बजाय अपना सुरक्षित और स्थायी आशियाना मिल सकेगा।
"आजादी के दशकों बाद भी वंचितों की अनदेखी हुई"
मुख्यमंत्री कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा और अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया:अंतिम व्यक्ति का कल्याण: CM शर्मा ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी समाज के इस वर्ग की ओर ध्यान नहीं दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है।
बजट घोषणा का अमल: उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने पहले बजट में ही वादा किया था कि ऐसे वंचित परिवारों को आवास और पट्टे दिए जाएंगे। इसके साथ ही इनके रोजगार को बढ़ावा देने के लिए ब्याज सब्सिडी और अनुदान का प्रावधान भी किया गया है।"
"बच्चों को शिक्षित और संस्कारित करने का मिलेगा अवसर": मंत्री खर्रा
समारोह में मौजूद नगरीय स्वायत्त शासन एवं विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सभी लाभार्थी परिवारों को बधाई दी: भविष्य संवारने की उम्मीद: उन्होंने कहा कि स्थायी घर मिलने से इन परिवारों का जीवन स्तर सुधरेगा। अब वे अपने बच्चों को सुशिक्षित करने और आने वाली पीढ़ी को बेहतर संस्कार देने में सफल होंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत तथा मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। चाबी मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ देखने को मिला।