जयपुर। राजस्थान यूथ कांग्रेस के चुनाव परिणाम रविवार को घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में अभिषेक चौधरी ने सबसे ज्यादा 6.15 लाख वोट हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं अनिल चोपड़ा 5.45 लाख वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहे। राजकुमार परसवाल को 1.95 लाख वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे।
वोटों के लिहाज से अभिषेक चौधरी का यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि अंतिम घोषणा इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगी। अब यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रभारी अध्यक्ष पद के टॉप पैनल में शामिल तीनों प्रत्याशियों का इंटरव्यू लेंगे। इसके बाद आधिकारिक तौर पर प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।
यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 19 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें से अभिषेक चौधरी, अनिल चोपड़ा और राजकुमार परसवाल टॉप-3 में रहे। चुनाव प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू के बाद इन तीनों में से एक को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा, जबकि बाकी दो प्रत्याशियों को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी।
इसके अलावा चुनाव में प्रत्याशियों को मिले वोटों के आधार पर प्रदेश कार्यकारिणी में अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिव पदों पर भी चुनाव में प्रदर्शन के आधार पर नियुक्तियां की गई हैं।
प्रदेश कार्यकारिणी में सामाजिक प्रतिनिधित्व का ध्यान रखते हुए एससी-एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांग कोटे के तहत भी पद दिए गए हैं।
अध्यक्ष पद के चुनाव में 3,338 वोट हासिल कर चौथे स्थान पर रहीं निशा खींचड़ को प्रदेश उपाध्यक्ष (महिला ओपन) बनाया गया है। वहीं पांचवें स्थान पर रहीं अलफिजा को 2,144 वोट मिले। उन्हें अल्पसंख्यक कोटे के तहत प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
एससी-एसटी कोटे में छगनलाल कुलदीप, प्रकाश चंद मीणा और भगवती मीणा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। दिव्यांग कोटे में तेजकरण चौधरी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। इसी तरह निर्मला मेघवाल को एससी-एसटी महिला, यास्मीन को अल्पसंख्यक महिला तथा शीतल परिहार और राहुल खान को ओबीसी कोटे में प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं डिंपल सिंधल, सुमन बानो, दिव्यानी कटारा, पूजा भार्गव और आशीष को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।
अभिषेक चौधरी राजस्थान की राजनीति में पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने 2023 में झोटवाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से हुआ था।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को 1 लाख 47 हजार 913 वोट मिले थे, जबकि अभिषेक चौधरी को 97 हजार 746 वोट प्राप्त हुए थे। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने अभिषेक चौधरी को 50 हजार 167 वोटों से हराया था।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे अनिल चोपड़ा भी चुनावी राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 2024 में जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में वे भाजपा के राव राजेंद्र सिंह से करीबी मुकाबले में 1,615 वोटों से हार गए थे।
चुनाव परिणाम के बाद अनिल चोपड़ा ने रिकाउंटिंग की मांग की थी। उन्होंने पोस्टल बैलेट खारिज किए जाने को लेकर भी रिटर्निंग ऑफिसर के सामने आपत्ति दर्ज कराई थी। रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार कुल 1,225 पोस्टल बैलेट खारिज हुए थे, जबकि जीत-हार का अंतर 1,615 वोट था। इसी आधार पर रिकाउंटिंग की मांग स्वीकार नहीं की गई।
रिकाउंटिंग की मांग खारिज होने के बाद चोपड़ा रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में धरने पर भी बैठ गए थे। बाद में उन्होंने इस मामले को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की थी।
अब यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव परिणाम सामने आने के बाद सभी की नजरें टॉप-3 प्रत्याशियों के इंटरव्यू और अंतिम घोषणा पर टिकी हैं। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्षों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।