झुंझुनूं: शेखावाटी की माटी ने आज अपने एक और वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। झुंझुनूं जिले के पीपल का बास (मंडावा) निवासी वायुसेना के अग्निवीर आर्यन झाझड़िया (22) का बुधवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
चेन्नई (तमिलनाडु) स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर गत 5 जुलाई को ड्यूटी के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में उनका असामयिक निधन हो गया था। बुधवार सुबह जब आर्यन की पार्थिव देह दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा मंडावा पहुंची, तो पूरा माहौल 'भारत माता की जय' और 'आरयन अमर रहे' के नारों से गूंज उठा।
शहीद जवान के अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव देह को सबसे पहले मंडावा के अंबेडकर पार्क में रखा गया। यहाँ बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आस-पास के क्षेत्रों से आए लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंडावा से उनके पैतृक गांव पीपल का बास तक एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों युवा हाथों में तिरंगा थामे शामिल हुए।
जैसे ही आर्यन की पार्थिव देह उनके घर पहुंची, वहाँ कोहराम मच गया। अपने इकलौते बेटे के शव को देख मां सरोज देवी बेसुध हो गईं, वहीं बड़ी बहन पूनम का भी रो-रोकर बुरा हाल था। इस भावुक पल में वायुसेना के अधिकारियों ने पारंपरिक रीतियों के तहत पिता भागीरथ को तिरंगा सौंपा। इसके बाद नम आंखों और सैन्य सलामी (Armed Salute) के बीच चचेरे भाई ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं।
परिजनों और वायुसेना सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आर्यन चेन्नई स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात थे। 5 जुलाई को ड्यूटी के दौरान स्विमिंग पूल में नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में डूब गए और दुर्घटनावश उनकी मृत्यु हो गई।
आर्यन पिछले करीब ढाई साल से भारतीय वायुसेना में अग्निवीर के रूप में देश की सेवा कर रहे थे। उनकी पहली पोस्टिंग वर्ष 2024 में कर्नाटक के बेलगाम में हुई थी, जिसके बाद करीब दो महीने पहले ही उनका ट्रांसफर चेन्नई हुआ था। ट्रांसफर होने से पहले वे छुट्टी लेकर अपने गांव पीपल का बास आए थे और परिवार के साथ सुखद समय बिताकर वापस लौटे थे।
महज 22 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले आर्यन अभी अविवाहित थे और अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पिता भागीरथ सिंह (जो ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं), मां सरोज देवी और दो बहनें हैं, जिनमें से बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। घर के इकलौते चिराग के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे परिवार और गांव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अग्निवीर आर्यन के अंतिम संस्कार में क्षेत्र के तमाम राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग ढांढस बंधाने पहुंचे। अंतिम विदाई के इस मौके पर मंडावा विधायक रीटा चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, प्यारेलाल ढूकिया, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष सज्जन मिश्रा और पूर्व अध्यक्ष नरेश सोनी सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।