जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में राजस्थान कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विकास, प्रशासनिक सुधार और कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
सबसे अहम फैसलों में प्रदेश में 'वन स्टेट, वन इलेक्शन' व्यवस्था लागू करने का निर्णय शामिल है। इसके तहत अब नगरीय निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इससे चुनावों पर होने वाला खर्च कम होगा, प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और बार-बार लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता के कारण विकास कार्यों में आने वाली रुकावट भी दूर होगी।
कैबिनेट ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए भी बड़ा फैसला लिया है। नई योजना के तहत ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार की वैधानिक गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत ढांचे का निर्माण और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा डिजिटल मॉनिटरिंग के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने तथा महिलाओं और कमजोर वर्गों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का भी प्रावधान किया गया है।
सरकारी कर्मचारियों को राहत देते हुए राजस्थान सरकारी कर्मचारी बीमा नियमों में संशोधन को भी मंजूरी दी गई है। नया प्रावधान 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। संशोधित नियमों के अनुसार अब कर्मचारियों को उनकी वास्तविक सेवानिवृत्ति की तिथि तक बीमा कवरेज मिलता रहेगा। पहले जिस वित्तीय वर्ष में कर्मचारी सेवानिवृत्त होता था, उसी वर्ष की 1 अप्रैल से बीमा प्रक्रिया लागू हो जाती थी, जिससे रिटायरमेंट से पहले के कुछ समय में बीमा कवरेज प्रभावित होने की स्थिति बनती थी।
इसके साथ ही कैबिनेट ने राज्य के पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के उद्देश्य से नई वन नीति को भी मंजूरी दी। सरकार का कहना है कि नई नीति के जरिए वन संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा मिलेगा।
सरकार का दावा है कि कैबिनेट के ये फैसले प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, ग्रामीण विकास को गति देने, कर्मचारियों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने और प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।