Rajasthan

राजस्थान निकाय चुनाव: जयपुर-जोधपुर में BJP के डिप्टी मेयर जीते, कोटा में विवेक राजवंशी निर्विरोध चुने गए

राजस्थान के तीन बड़े नगर निगमों जयपुर, जोधपुर और कोटा में डिप्टी मेयर के चुनाव का परिणाम सामने आ गया है। जयपुर और जोधपुर में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि कोटा में भाजपा के विवेक राजवंशी निर्विरोध डिप्टी मेयर चुने गए। इसके साथ ही प्रदेश के 10 नगर निगमों में से 9 में भाजपा के डिप्टी मेयर हो गए हैं। पाली नगर निगम में लॉटरी के जरिए निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में परिणाम आया था।

जयपुर नगर निगम में भाजपा की सरोज कंवर ने कांग्रेस के सलमान मंसूरी को 31 वोट से हराया। सरोज कंवर को 89 वोट मिले, जबकि सलमान मंसूरी के खाते में 58 वोट आए। कुल 150 पार्षदों में से 149 ने मतदान किया। जीत के साथ सरोज कंवर जयपुर नगर निगम की पहली महिला डिप्टी मेयर बनीं।

जोधपुर नगर निगम में भाजपा के विजय सिंह पंवार डिप्टी मेयर चुने गए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल करीम जॉनी को चार वोट से हराया। विजय सिंह पंवार को 52 और अब्दुल करीम जॉनी को 48 वोट मिले। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। समर्थकों ने विजय सिंह पंवार और भाजपा जिलाध्यक्ष को कंधे पर बैठाकर जुलूस निकाला।

जोधपुर में मतदान के दौरान भाजपा पार्षद पूजा सोनी अपनी बेटी भूमि को साथ लेकर निगम पहुंचीं। वोट डालकर लौटने के बाद बेटी ने उनसे देर लगने को लेकर सवाल किया। पूजा सोनी ने बेटी को गोद में उठाकर दुलार किया। मतदान केंद्र पर यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।

कोटा नगर निगम में भाजपा के विवेक राजवंशी निर्विरोध डिप्टी मेयर चुने गए। कांग्रेस ने यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। परिणाम से पहले ही उनके समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था। समर्थक डांस करते नजर आए और नोट भी उड़ाए गए। विवेक राजवंशी भी समर्थकों के साथ जश्न में शामिल हुए। इससे एक दिन पहले हुए मेयर चुनाव में कांग्रेस पार्षदों की क्रॉस वोटिंग की चर्चा रही थी।

सीकर जिले की खाटूश्यामजी नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की विनीता ने भाजपा की प्रेमदेवी को एक वोट से हराया। वहीं, कोटा जिले की सुकेत नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के विकास चौहान ने कांग्रेस के अब्दुल इस्लाम को एक वोट से हराया।

डिप्टी मेयर और उपाध्यक्ष पदों के लिए मतदान पूरा होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों की बाड़ेबंदी भी खत्म हो गई। जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम तथा खाटूश्यामजी, श्रीविजयनगर और सुकेत नगरपालिकाओं में परिणाम घोषित होने के बाद आचार संहिता हटा दी गई। खाटूश्यामजी में उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान रविवार को होगा।