डीडवाना-कुचामन: जिले के नावां थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार डंपर और स्विफ्ट कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में कार सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में उप स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक एएनएम (ANM), उनके पति, बेटी और कार चालक शामिल हैं।
टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों लोगों के शव मलबे में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नावां थाना पुलिस को शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे का शिकार हुआ परिवार मिठड़ी के पास पालड़ी गांव में किराए के मकान में रहता था:
मृतकों की पहचान: हादसे में कार सवार लक्ष्मण सिंह (46), उनकी पत्नी तुलसी (45), बेटी शीतल (22) और ड्राइवर रामाकिशन (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
स्वास्थ्यकर्मी थीं तुलसी: मृतक तुलसी देवी कासेड़ा (डीडवाना-कुचामन) स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम (नर्स) के पद पर कार्यरत थीं।
घर लौटते वक्त हादसा: परिवार सुबह कार से अपने घर लौट रहा था, तभी नावां के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने कार को सीधी टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई:
चकनाचूर हुई कार: आमने-सामने की टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
कटर की मदद से निकाले शव: नावां पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार के अंदर बुरी तरह फंसे चारों शवों को करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू करवाया:
शव मॉर्च्युरी में रखे: पुलिस ने चारों शवों को नावां उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्मार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
जांच शुरू: नावां थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार और डंपर दोनों को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।