Rajasthan

जयपुर में दो दिन से चल रहा ग्रेड थर्ड टीचर्स का आंदोलन गुरुवार शाम खत्म हो गया।

जयपुर में दो दिन से चल रहा ग्रेड थर्ड टीचर्स का आंदोलन गुरुवार शाम खत्म हो गया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने टीचर्स को ट्रांसफर पॉलिसी लाने का आश्वासन दिया।

ग्रेड थर्ड टीचर्स संघर्ष समिति के संयोजक सुनील महला ने बताया कि शिक्षा मंत्री के साथ दूसरे दौर की वार्ता में सहमति बनी। अगर 1 जनवरी तक सरकार और शिक्षा मंत्री ने हमें जो आश्वासन दिया है, वह पूरा नहीं हुआ तो 1 जनवरी से ही टीचर्स आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। हम पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेंगे। उसके बाद नए शिक्षा मंत्री से ही हमारा ट्रांसफर करवाएंगे।

टीचर्स के प्रदर्शन की 3 बड़ी बात…

1- पूरे राजस्थान से धरने पर पहुंचे थे टीचर्स

शहीद स्मारक पर टीचर्स दो दिन से धरना दे रहे थे। धरने के दूसरे दिन गुरुवार को टीचरों के साथ उनके बच्चे भी मौजूद थे। माता-पिता के ट्रांसफर की मांग करते ये बच्चे हाथों में पोस्टर लेकर खड़े थे। टीचरों का कहना था कि वे एक ही जगह कई सालों से पोस्टेड है। इसके बाद भी उनका ट्रांसफर नहीं किया जा रहा है।

2- केवल ग्रेड थर्ड टीचर्स का ट्रांसफर क्यों नहीं?

ग्रेड थर्ड टीचर्स का कहना था कि वे कई सालों से एक ही स्कूल में पोस्टेड है। ऐसे में उनका तत्काल दूसरी जगह ट्रांसफर किया जाए। सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रिंसिपल, फर्स्ट और सेकंड ग्रेड के ट्रांसफर हो सकते हैं तो हमारे क्यों नहीं हो सकते हैं।

3. शिक्षा मंत्री ने ट्रांसफर का वादा किया

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से संगठन के पदाधिकारी मिले हैं। बातचीत सकारात्मक रही है। मंत्री जल्द ही तबादला नीति लागू कर प्रदेश में ग्रेड थर्ड टीचरों का ट्रांसफर करने का वादा किया है।