जयपुर: एसएमएस मेडिकल कॉलेज के न्यू आरडी हॉस्टल (पीजी हॉस्टल) में शनिवार सुबह एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र नितिन यादव (22) का शव फंदे से लटका मिला। नितिन का आज फॉरेंसिक मेडिसिन का पेपर था, लेकिन परीक्षा से पहले ही उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस जांच के अनुसार, नितिन मूल रूप से 20 दुकान (नायला हाउस) के पास अपने चार दोस्तों के साथ किराए के फ्लैट पर रहता था।
अंतिम मुलाकात: शुक्रवार रात नितिन अपने दोस्तों के साथ एसके मेनन (यूजी) हॉस्टल में पढ़ाई करने गया था।
फ्लैट का बोलकर निकला: रात करीब 2 बजे उसने दोस्तों से कहा कि वह अपने फ्लैट पर जा रहा है, लेकिन वह वहां न जाकर न्यू आरडी हॉस्टल पहुंच गया।
एसएमएस थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में नितिन को रात 2:45 बजे पीजी हॉस्टल में प्रवेश करते देखा गया है।
सीसीटीवी फुटेज: नितिन रात 2:51 बजे तक सातवीं मंजिल पर देखा गया और 3:15 बजे तक उसकी मूवमेंट कैमरे में रिकॉर्ड हुई।
फंदा और बरामदगी: आठवीं मंजिल (छत) पर सीसीटीवी नहीं था। सुबह करीब 5:30 बजे एक महिला गार्ड ने उसे फंदे से लटका देखा। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, पुलिस ने उसका लैपटॉप और स्मार्टफोन जब्त कर लिया है।
नितिन की मौत के बाद उसके परिजनों ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है कि जब नितिन यूजी (MBBS) का छात्र था, तो उसे देर रात पीजी हॉस्टल में प्रवेश क्यों करने दिया गया? गौरतलब है कि जिस हॉस्टल में सुसाइड हुआ, वहां पांचवीं से सातवीं मंजिल पर छात्राएं रहती हैं।
हॉस्टल स्टाफ और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नितिन अपने साथ लैपटॉप बैग में रस्सी लेकर आया था। पुलिस अब उसके मोबाइल और लैपटॉप की जांच कर रही है ताकि सुसाइड के कारणों का पता लगाया जा सके। एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।