Rajasthan

जयपुरिया अस्पताल प्रशासन जयपुर में वीआईपी/वीवीआईपी आवाजाही

जयपुरिया अस्पताल प्रशासन जयपुर में वीआईपी/वीवीआईपी आवाजाही के कारण चुनौतियों का सामना कर रहा है, खासकर एक ही दिन में एक से अधिक वीआईपी/वीवीआईपी दौरों के लिए मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने में अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जीवराज सिंह ने इस संबंध में गुरुवार को जयपुर के सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल (द्वितीय) को एक पत्र लिखा है. पत्र में कहा गया है कि यदि एक दिन में एक से अधिक वीआईपी/वीवीआईपी आते हैं, तो अस्पताल केवल एक वीआईपी/वीवीआईपी के लिए मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था कर पाएगा. अन्य वीआईपी/वीवीआईपी के लिए, चिकित्सा दल और एम्बुलेंस की व्यवस्था किसी अन्य अस्पताल से करने का अनुरोध किया गया है, हालांकि रक्त की व्यवस्था अस्पताल द्वारा की जा सकेगी.

डॉ. जीवराज सिंह राठौड़ ने अपने पत्र में यह भी बताया कि अस्पताल में हर दिन ओपीडी और आईपीडी में लगभग 3 हजार मरीजों का आना-जाना रहता है, और इमरजेंसी व ट्रॉमा सेंटर 24 घंटे सातों दिन संचालित होते हैं. डॉक्टरों की कमी के कारण, कई बार गंभीर मरीजों को उच्च स्तरीय इलाज के लिए एसएमएस या अन्य अस्पतालों में रेफर करने के लिए एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की आवश्यकता होती है. मौजूदा अधीक्षक डॉ. जीवराज सिंह ने इस पत्र के साथ तत्कालीन अधीक्षक डॉ. महेश मंगल द्वारा मई 2025 में लिखे गए इसी तरह के एक पत्र का भी उल्लेख किया, जिसमें एक से अधिक वीआईपी/वीवीआईपी मूवमेंट पर मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने में असमर्थता जताई गई थी.