बीकानेर में चल रहे खेजड़ी बचाओ आंदोलन में कलश यात्रा शुरू हो गई है। इसके साथ ही जयपुर में मुख्यमंत्री से मिलने के बाद संत भी बीकानेर पहुंच रहे हैं। इसके बाद आंदोलन के आगे की रूपरेखा तय की जाएगी। इस बीच बीकानेर में ही कई गांवों में खेजड़ी काटने के मामले सामने आ रहे हैं।
आंदोलन के संयोजक परसराम बिश्नोई ने बताया कि संत समाज मुख्यमंत्री से वार्ता करने के लिए जयपुर गए हैं। वो आज महापड़ाव स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद ही तय होगा कि आगे क्या करना है। उन्होंने बताया क्रमिक आमरण अनशन लगातार चल रहा है। सोमवार को भी डेढ़ सौ पर्यावरण प्रेमी क्रमिक अनशन पर पहुंच गए हैं।
बिश्नोई ने कहा कि लगातार खेजड़ी काटने के मामले सामने आ रहे हैं। प्रशासन कुछ नहीं कर पा रहा है।
कलश यात्रा में बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हुईं हैं। वे मंगल गीत गाती हुई चल रही हैं। यात्रा में एक महिला 35 तोला सोना करीब 52 लाख की ज्वेलरी पहन कर शामिल हुई। उन्होंने कहा- समाज हमारे साथ है तो हमें किस बात का डर है।
कलश यात्रा करीब डेढ़ किमी की है। यह महापड़ाव स्थल पब्लिक पार्क से कोटगेट तक और कोटगेट से दोबारा पब्लिक पार्क तक जाएगी। इसके बाद यहां इसका समापन किया जाएगा। KEM रोड पर ट्रैफिक रोका गया है। कलश यात्रा के चलते वाहनों को रोक कर रास्ता बंद किया गया है।