Rajasthan

पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी गैस की कीमतों का किया रिव्यू

एलपीजी सिलेंडरों की किल्ल्त के बीच मंगलवार देर रात पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी गैस की कीमतों का रिव्यू किया। जिसके बाद कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 195 रुपए तक महंगा कर दिया है। इस साल में लगातार पांचवा मौका है जब कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है।

राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं, जिसकी नई रेट लिस्ट जारी की है। नई रेट लिस्ट के मुताबकि राजस्थान में आज से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 195 रुपए बढ़ गए हैं।

उन्होंने कहा कि अब 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 1911 रुपए की जगह 2106 रुपए में मिलेगा। जबकि पिछले महीने मार्च में कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 27.50 रुपए और 114 प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। जबकि इससे पहले इस साल जनवरी में कंपनियों ने 111 रुपए और फरवरी में 49.50 प्रति सिलेंडर बढ़ाए थे। इस तरह इस साल कॉमर्शियल सिलेंडर पर अब तक 497 रुपए तक बढ़ चुके हैं। ईरान-इजरायल युद्ध के चलते मार्च से शुरू हुई रसोई गैस की किल्लत अब भी बरकरार है। आमजन को आज भी घरेलू और कॉमर्शियल उपयोग के सिलेंडर लेने में दिक्कत आ रही है। बाजार में आज भी कई कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को सिलेंडर ब्लैक में खरीदना पड़ रहा है। जबकि तेल कंपनियों और सरकार की तरफ से अब भी कॉमर्शियल गैस की सप्लाई सीमित रखी गई है। कंपनियों ने घरेलू उपयोग के लिए होने वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। वर्तमान में बाजार में घरेलू उपयोग का सिलेंडर 916.50 रुपए में ही मिलेगा। हालांकि पिछले महीने एलपीजी किल्लत के चलते कंपनियों ने घरेलू सिलेंडर पर भी 60 रुपए की बढ़ोतरी की थी।