Rajasthan

जोधपुर केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड: तीसरे दमकलकर्मी की भी मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर 3 हुई

जोधपुर। शहर की केमिकल फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड ने एक और जान ले ली। आग बुझाने के दौरान गंभीर रूप से झुलसे दमकलकर्मी प्रदीप ने मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) में भर्ती थे और वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। चिकित्सकों के लगातार प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इससे पहले सोमवार को दमकलकर्मी सुरेंद्र की मौत हुई थी, जबकि दो दिन पहले फायरमैन प्रीतेश ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस तरह हादसे में जान गंवाने वाले दमकलकर्मियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

जानकारी के अनुसार, केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे थे और आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज लपटों और केमिकल विस्फोटों की चपेट में आने से कई दमकलकर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। मृतक तीनों दमकलकर्मी 70 प्रतिशत से अधिक झुलसे हुए थे।

हादसे में घायल अन्य चार दमकलकर्मी अभी भी एमजीएच में भर्ती हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सभी का उपचार जारी है और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

घटना के बाद प्रशासन और फायर विभाग में शोक की लहर है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।