Rajasthan

श्रीगंगानगर में किसानों ने पानी की किल्लत को लेकर दो प्रमुख हाईवे जाम

श्रीगंगानगर में किसानों ने पानी की किल्लत को लेकर दो प्रमुख हाईवे जाम कर दिए हैं. किसान NH-911 (श्रीगंगानगर-रायसिंहनगर) पर फूसेवाला टोल प्लाजा और पदमपुर स्टेट हाईवे पर सीसी हेड पर धरने पर बैठे हैं.

किसानों का कहना है कि फिरोजपुर फीडर पर चल रहे रिकंस्ट्रक्शन कार्य के कारण नहरबंदी के 32 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है. उन्हें 2600 क्यूसेक की जगह 1500 क्यूसेक पानी देने का वादा किया गया था, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पुरानी बीकानेर कैनाल से भी एक दिन भी पूरी मात्रा में पानी नहीं छोड़ा गया है.

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 25 फरवरी को नहरबंदी समाप्त होने के बाद बीकानेर कैनाल में पूरा पानी नहीं छोड़ा गया, तो गंगनहर क्षेत्र की फसलें तबाह हो जाएंगी. किसान संगठन अब बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं. सीसी हेड पर सुबह 11:30 बजे से किसान सड़क पर धरना देकर बैठे हैं और 'किसान विरोधी सरकार मुर्दाबाद' के नारे लगा रहे हैं.

किसान नेता सुखबीर सिंह फौजी और रणजीत सिंह राजू ने सभी किसानों से मौके पर पहुंचने का आह्वान किया है, ताकि आंदोलन कमजोर न पड़े. उन्होंने जोर दिया कि जब तक हरिके बैराज से पूरा पानी नहीं छोड़ा जाएगा, तब तक उनका विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा.

फिलहाल किसानों से बातचीत के लिए कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है. पानी की कमी और बढ़ते तापमान के कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं.