गंभीर रूप से घायल मासूम को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिल दहला देने वाली यह पूरी घटना पास ही की एक दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
इंद्रा कॉलोनी निवासी शैतान सिंह ने बताया कि शहर के मुख्य बस स्टैंड के पास उनकी कॉस्मेटिक की दुकान है, जिसे वे और उनकी पत्नी आरती देवी चलाते हैं। पास में ही उनकी मां अनसी देवी की चूड़ियों की दुकान है।
रोजमर्रा की दिनचर्या: शुक्रवार सुबह आरती देवी अपनी दोनों बेटियों को स्कूल भेजने के बाद अपने 3 वर्षीय इकलौते बेटे जेम्पा को लेकर दुकान आई थीं।
अचानक हुआ हादसा: सुबह करीब 10:15 बजे शैतान सिंह और आरती देवी दुकान के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान खेल रहा मासूम जेम्पा अचानक दौड़ता हुआ दुकान से बाहर मुख्य सड़क की ओर चला गया।
बेटे को सड़क की तरफ भागता देख मां आरती देवी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़ीं, लेकिन तब तक बस स्टैंड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया।
10 फीट तक घसीटा: स्कॉर्पियो मासूम को कुचलते हुए करीब 10 फीट तक सड़क पर घसीटती चली गई।
दादी ने गाड़ी के नीचे से निकाला: अपनी आंखों के सामने इकलौते जिगर के टुकड़े को कुचले जाने के मंजर को देख मां आरती देवी गहरे सदमे में आ गईं। शोर सुनकर पास ही मौजूद दादी अनसी देवी दौड़ीं और बच्चे को गाड़ी के नीचे से निकाला।
चालक फरार: हादसे के तुरंत बाद मौका पाकर स्कॉर्पियो चालक तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर फरार हो गया।
लहूलुहान अवस्था में परिजन बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते चिराग की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
घटना की सूचना मिलने पर सांचौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।