सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच अभय कमांड सेंटर को एक मैसेज मिला। इसमें लिखा था कि यदि 40 करोड़ रुपए नहीं दिए गए, तो अस्पताल को धमाके से उड़ा दिया जाएगा। इस गंभीर सूचना के तुरंत बाद पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंच गया।
अस्पताल के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि पुलिस ने करीब 2 से 3 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया।
दहशत का माहौल: सर्च ऑपरेशन के दौरान वार्डों और ओपीडी में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
राहत की खबर: पुलिस ने चप्पे-चप्पे की गहराई से जांच की, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। जांच पूरी होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
जयपुर पुलिस की साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए धमकी भरे कॉल के नंबर को ट्रेस किया।
लोकेशन ट्रैकिंग: कॉल की लोकेशन हरियाणा में मिली, जिसके बाद जयपुर पुलिस ने तुरंत हरियाणा पुलिस से संपर्क साधा।
डिटेन: एसएमएस थानाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस की एक विशेष टीम ने आरोपी को हरियाणा से डिटेन (हिरासत में) कर लिया है।
आरोपी को जयपुर लाया जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इतनी बड़ी रकम की मांग क्यों की और क्या वह किसी मानसिक बीमारी से पीड़ित है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। थानाधिकारी ने आश्वस्त किया कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है और मरीजों को घबराने की जरूरत नहीं है।