दौसा नगर परिषद के सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस की रेखा गुर्जर ने भाजपा प्रत्याशी कविता गुर्जर को हराकर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ कांग्रेस ने दौसा नगर परिषद में अपना बोर्ड बरकरार रखा।
55 पार्षदों वाली परिषद में कांग्रेस के 24, भाजपा के 17 और 14 निर्दलीय पार्षद हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला अहम माना जा रहा था। परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
मंडावर नगर पालिका में कांग्रेस की अनीता मीणा अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अशोक नारेडा को पांच वोटों के अंतर से हराया। नाम वापसी के बाद यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला रह गया था।
मंडावरी नगर पालिका में कांग्रेस के रामकेश मीणा ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जंतु देवी मीणा को छह वोटों से हराया।
रामकेश मीणा को 13 वोट, जबकि जंतु देवी मीणा को 7 वोट मिले। 20 वार्डों वाली इस नगर पालिका में कांग्रेस के 12, भाजपा के 7 और एक निर्दलीय पार्षद हैं।
सिकराय नगर पालिका में भाजपा के कैलाश बैरवा ने कांग्रेस के कैलाश बसवाल को एक वोट से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। कैलाश बैरवा को कुल 13 वोट मिले।
मतगणना रिटर्निंग अधिकारी मनोज वर्मा के नेतृत्व में पूरी कराई गई। जीत के बाद भाजपा समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। कैलाश बैरवा की जीत के साथ सिकराय में भाजपा का बोर्ड बन गया।
लालसोट नगर पालिका के सभापति पद पर कांग्रेस के कपिल पुरोहित ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पिंकी चतुर्वेदी को सात वोटों से हराया।
कपिल पुरोहित को 21 वोट, जबकि पिंकी चतुर्वेदी को 14 वोट मिले। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
रामगढ़ पचवारा नगर पालिका में कांग्रेस के रामफूल मीणा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम मीणा को 12 वोटों के बड़े अंतर से हराया।
रामफूल मीणा को 16 वोट, जबकि राधेश्याम मीणा को 4 वोट मिले। स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
बांदीकुई नगर पालिका में कांग्रेस के विनोद रतन पटेल चेयरमैन निर्वाचित हुए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी राजन्ती सैनी को छह वोटों से हराया।
विनोद रतन पटेल को 23 वोट, जबकि राजन्ती सैनी को 17 वोट मिले। जीत के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल रहा। स्थानीय स्तर पर इस जीत को पूर्व विधायक जीआर खटाणा की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
दौसा जिले के नगर निकाय अध्यक्ष चुनाव के परिणामों में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। 11 में से 8 निकायों में कांग्रेस और 3 निकायों में भाजपा के प्रत्याशी विजयी रहे। अब नवनिर्वाचित अध्यक्षों के सामने अपने-अपने निकायों में विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी होगी।