सुजुकी मोटरसाइकल इंडिया ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक स्कूटर e-Access को भारत में लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.88 लाख रुपए रखी गई है।
स्कूटर में 3.07 kWh की LFP बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर 95Km तक की रेंज देती है। कंपनी ने डीलरशिप पर इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है।
सुजुकी e-Access के स्पेसिफिकेशंस
e-Access में परमानेंट मैग्नेट मोटर लगा है, जो 5.5 bhp की पीक पावर और 15 Nm टॉर्क देता है। इसकी टॉप स्पीड 71Kmph है। स्कूटर का वजन 122Kg और सीट हाइट 765 mm है। इसमें 12 इंच के अलॉय व्हील्स, आगे डिस्क ब्रेक और पीछे ड्रम ब्रेक मिलते हैं।
चार्जिंग की बात करें तो पोर्टेबल चार्जर से फुल चार्ज होने में 6 घंटे 40 मिनट से ज्यादा समय लगता है। वहीं कंपनी के DC फास्ट चार्जर से 2 घंटे में फुल चार्ज हो जाती है। सुजुकी के 240 से ज्यादा शोरूम पर DC फास्ट चार्जर और सभी डीलरशिप पर AC चार्जर अवेलेबल हैं।
चार ड्यूल-टोन कलर ऑप्शंस में अवेलेबल
स्कूटर चार ड्यूल-टोन कलर ऑप्शंस में आती है। इनमें ब्लैक/रेड, व्हाइट/ग्रे, ग्रीन/ग्रे और ब्लू/ग्रे शामिल हैं। डिजाइन पेट्रोल Access से काफी अलग है, आगे LED लाइटिंग और स्पोर्टी लुक दिया गया है।