Business

यश की फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स विवादों में फंसी

यश स्टारर फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स विवादों में फंस गई है। फिल्म को लेकर सोशल एक्टिविस्ट दिनेश कल्लाहल्ली ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने टीजर में मौजूद कुछ सीन को अश्लील, आपत्तिजनक और नैतिक मूल्यों के खिलाफ बताया है।

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, CBFC चेयरपर्सन प्रसून जोशी को की गई शिकायत में सोशल एक्टिविस्ट ने कहा कि टॉक्सिक के टीजर में बहुत ज्यादा अश्लील, सेक्सुअली एक्सप्लिसिट और वल्गर सीन हैं। जो खुले तौर पर सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। इससे बच्चे और युवा भी ऐसे कंटेंट देख रहे हैं, जो कानून और समाज दोनों के लिए ठीक नहीं है।

एक्टिविस्ट का कहना है कि यह टीजर अभिव्यक्ति की आजादी की सीमा से बाहर है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि अश्लील और सेक्सुअली एक्सप्लिसिट कंटेंट को संवैधानिक सुरक्षा नहीं मिलती।

उन्होंने सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952, फिल्म सर्टिफिकेशन नियमों और CBFC की गाइडलाइंस का भी हवाला दिया। उनका कहना है कि फिल्मों, ट्रेलरों और प्रमोशनल कंटेंट में शालीनता, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के मानकों का पालन होना चाहिए।

शिकायत में CBFC से टीजर को रिव्यू करने, आपत्तिजनक सीन हटाने और उसके प्रसार पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही फिल्म टॉक्सिक से जुड़े डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जरूरी कानूनी और नियम के अनुसार कार्रवाई की भी अपील की गई है।

शिकायत में आगे कहा गया है कि इस मामले पर तुरंत ध्यान दिया जाना चाहिए क्योंकि यह मुद्दा पब्लिक मोरेलेटी, बच्चों की सुरक्षा और कानून के पालन से जुड़ा है।

फिल्म के मेकर्स की ओर से अभी तक इस शिकायत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।