City

बाछड़ाऊ पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, 2824 करोड़ के 1013 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण;

बाड़मेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार दोपहर बाछड़ाऊ पहुंचे। हेलीपैड पर मंत्री केके विश्नोई और विधायक आदूराम मेघवाल ने उनकी अगवानी की। इस दौरान बाड़मेर विधायक प्रियंका चौधरी, सिवाना विधायक हमीर सिंह, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी और किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और पुलिस अधीक्षक चुनाराम ने भी सीएम की अगवानी की। पारंपरिक गैर नृत्य के जरिए मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।

2824 करोड़ के 1013 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान 2824 करोड़ रुपए की लागत वाले 1013 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जोधपुर संभाग के आठ जिलों के लिए करीब 2700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देने की बात कही गई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी अपनी बात रखी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का दावा किया।

‘हर गांव में पक्की सड़क बनें’

अपने संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने वीरों की भूमि को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर गांव में पक्की सड़क होनी चाहिए और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर है। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई पंचायत नहीं होगी, जहां खेल मैदान नहीं हो। साथ ही राजस्थान के गांवों में अटल ज्ञान केंद्र बनाने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए सरकार लगातार योजनाओं और विकास कार्यों पर काम कर रही है। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य सुविधाओं को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान की हालत टूटी-फूटी इमारत जैसी कर दी थी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे स्वार्थ की राजनीति करते हैं।

पेपर लीक के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में युवा परेशान थे और पेपर लीक की घटनाएं होती थीं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या अब पेपर लीक होता है? इस पर मौजूद लोगों ने ‘नहीं’ में जवाब दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के जन-जन के लिए काम कर रही है। उन्होंने राजस्थान में बिजली की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश अब बिजली लेने वाला नहीं, बल्कि बिजली देने वाला राज्य बन गया है।

‘हारते हैं तो EVM को दोष देते हैं’

मुख्यमंत्री ने चुनावी राजनीति को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब ये लोग चुनाव हारते हैं तो ईवीएम को दोष देते हैं और इसके बाद घर बैठ जाते हैं।

मुख्यमंत्री का यह दौरा आगामी पंचायती राज चुनावों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।

कार्यकर्ताओं से संवाद कर देंगे चुनावी संदेश

कार्यक्रम के तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने वाले थे। इस दौरान पंचायती राज चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की जानी थी।

मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संदेश देंगे और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होकर हेलीपैड पहुंचने का कार्यक्रम था।

सुमेरपुर के लिए रवाना होंगे मुख्यमंत्री

बाछड़ाऊ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर से सुमेरपुर, पाली के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर करीब 2:10 बजे उनके सुमेरपुर के लिए प्रस्थान करने का समय निर्धारित था।

मुख्यमंत्री के बाड़मेर दौरे को विकास कार्यों के उद्घाटन-शिलान्यास के साथ-साथ आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और विकास योजनाओं के जरिए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर रहा।