भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के सदर थाना अधिकारी (CI) लोकपाल सिंह (38) की बुधवार शाम इलाज के दौरान उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में मौत हो गई। मंगलवार शाम (4 अगस्त) नेहरू विहार स्थित अपने सरकारी आवास पर नाकाबंदी ड्यूटी के लिए वर्दी पहनते समय अचानक उनकी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चल गई थी। गोली उनकी कनपटी में लगकर सिर के आर-पार निकल गई, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और पुलिसकर्मियों ने सीआई लोकपाल सिंह को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल और फिर रामस्नेही अस्पताल पहुंचाया।
एसपी का निर्देश: स्थिति बेहद गंभीर होने पर भीलवाड़ा एसपी सागर राणा के निर्देश पर मंगलवार देर रात करीब 1 बजे भीलवाड़ा से उदयपुर के बीच विशेष 'ग्रीन कॉरिडोर' तैयार किया गया।
हाईवे कराया गया खाली: पूरे 157 किलोमीटर लंबे हाईवे पर ट्रैफिक को खाली कराया गया और हर थाना क्षेत्र की पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ियों ने एंबुलेंस को एस्कॉर्ट किया।
रिकॉर्ड समय में पहुंचे: आईसीयू एंबुलेंस के जरिए महज 95 मिनट में उन्हें उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल पहुंचा दिया गया।
गीतांजलि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की सुपर स्पेशलिस्ट टीम ने सीआई लोकपाल सिंह को तुरंत भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर लिया। अस्पताल की क्रिटिकल केयर और न्यूरोसर्जरी टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही थी। हालांकि, सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद करीब शाम 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।