City

चित्तौड़गढ़: रावतभाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट में CISF जवान की गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

रावतभाटा (चित्तौड़गढ़): चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा स्थित राजस्थान परमाणु बिजलीघर (न्यूक्लियर पावर प्लांट) में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रमिर सरकार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। प्रमिर के सीने में गोली उन्हीं की सर्विस राइफल से लगी थी।

 

रिएक्टर बिल्डिंग के बाहर हुई घटना, कैंपस में अफरा-तफरी

यह हादसा शनिवार (22 अगस्त) तड़के करीब 4:30 बजे हुआ, जब प्रमिर रिएक्टर बिल्डिंग के बाहर सुरक्षा में तैनात थे। अचानक गोली चलने की आवाज से प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सहयोगियों ने प्रमिर को फर्श पर खून से लथपथ पड़ा पाया। उन्हें तुरंत राजस्थान परमाणु बिजलीघर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

ड्यूटी खत्म होने से महज 40 मिनट पहले हादसा

प्रमिर सरकार पावर प्लांट की ही आवासीय कॉलोनी में रहते थे। वे शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे अपनी नाइट शिफ्ट ड्यूटी पर आए थे और सुबह 5:00 बजे उनकी ड्यूटी समाप्त होने वाली थी। ड्यूटी खत्म होने से ठीक 40 मिनट पहले यह दुखद घटना घटित हो गई।

 

6 महीने पहले ही मिली थी रावतभाटा में पोस्टिंग

जानकारी के अनुसार प्रमिर वर्ष 2025 बैच में ही CISF में भर्ती हुए थे और करीब छह महीने पहले ही उन्हें रावतभाटा में पहली पोस्टिंग मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही रावतभाटा थानाधिकारी संजीव स्वामी और CISF के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली।

 

आत्महत्या या हादसा? पुलिस और CISF की संयुक्त जांच जारी

अधिकारियों का कहना है कि गोली जवान के सीने को पार कर गई थी। यह मामला आत्महत्या का है या फिर सर्विस राइफल से गलती से गोली चली, इसका वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल शव को अस्पताल के शवगृह (मॉर्च्युरी) में रखवा दिया गया है और पश्चिम बंगाल स्थित उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस एवं CISF के अधिकारी मामले की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं।

Similer Posts