जयपुर: वैश्विक अनिश्चितता और अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते लिक्विड पेट्रोलियम गैस (LPG) की कीमतों में आग लग गई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने गुरुवार रात समीक्षा के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में रिकॉर्ड तोड़ इजाफा किया है।
कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में सीधे 993 रुपए की बढ़ोतरी की है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के अनुसार, नई रेट लिस्ट आज से प्रभावी हो गई है।
नई कीमत: राजस्थान में अब 19 किलो का सिलेंडर 2106 रुपए के स्थान पर 3099 रुपए में मिलेगा।
महंगाई की मार केवल बड़े सिलेंडरों तक सीमित नहीं है। गरीब मजदूरों, प्रवासियों और छात्रों द्वारा उपयोग किए जाने वाले 5 किलो के छोटे (FTL) सिलेंडर की कीमतों में भी 241 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
5 किलो सिलेंडर की दर: पहले जो सिलेंडर 592 से 616 रुपए में मिलता था, वह अब 833 से 857 रुपए तक मिलेगा।
इस भारी बढ़ोतरी के बीच आम परिवारों के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
घरेलू सिलेंडर की दर: बाजार में यह अब भी 916.50 रुपए की पुरानी दर पर ही उपलब्ध रहेगा।
कॉमर्शियल गैस की कीमतों में इस साल लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले साल 31 दिसंबर को जो सिलेंडर 1669 रुपए का था, वह 1 मई तक 1490 रुपए महंगा हो चुका है।
महीनेवार बढ़ोतरी: जनवरी में 111 रुपए, फरवरी में 49.50 रुपए, मार्च में 141.50 रुपए और अप्रैल में 195 रुपए प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई थी।