जयपुर: दिल्ली में यमुना जल समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को जयपुर लौटे। जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया। सीएम एयरपोर्ट से विशेष ई-बस (E-Bus) में सवार होकर रोड शो करते हुए भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
रोड शो के दौरान पूरे रास्ते में जश्न का माहौल रहा। जवाहर सर्किल पर कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से मटकों के साथ सीएम का अभिनंदन किया। इसके अलावा गांधी सर्किल, रामबाग सर्किल और मुख्यमंत्री आवास (CMR) के बाहर भी भव्य स्वागत मंच बनाए गए थे। सीएमआर के बाहर बीजेपी विधि प्रकोष्ठ, विभिन्न प्रोफेशनल संस्थाओं के पदाधिकारियों और विशेष रूप से शेखावाटी से आई महिलाओं ने सिर पर मटके रखकर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
स्वागत समारोह के बाद भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा- 'मैं सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहूंगा कि उन्होंने राजस्थान की बरसों पुरानी यमुना जल की मांग को पूरा किया है। विपक्ष जो सवाल उठा रहा है, उन्हें पहले 1994 के समझौते को ठीक से पढ़ना चाहिए। राजस्थान के हक का जितना भी पानी है, वह हमें पूरा मिलेगा।'
सीएम ने आगे बताया कि इस योजना के तहत 300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए राजस्थान में पानी लाया जाएगा। सरकार की पूरी कोशिश है कि इस पर जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए और इसे समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए शेखावाटी के किसानों का जिक्र किया। उन्होंने कहा:
"राहुल गांधी कहते हैं कि वो आलू से सोना बनाएंगे। लेकिन मैंने शेखावाटी के लोगों से साफ कहा था कि हम आलू से सोना बनाना तो नहीं जानते और न यह कर सकते हैं।"
"लेकिन, हमने वादा किया था कि हम यमुना का पानी लेकर आएंगे। अब जब यमुना का पानी आ रहा है, तो हमारा मेहनती किसान अपनी धरती से जरूर सोना पैदा करके दिखाएगा।"
पानी के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने राज्य के बिजली संकट और भविष्य के रोडमैप पर भी बात की। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने अब तक 12 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन किया है। आने वाले समय में राजस्थान बिजली के क्षेत्र में 'सरप्लस' (अधिशेष) राज्य बनेगा और अपनी जरूरत पूरी करने के बाद दूसरे प्रदेशों को भी बिजली देने में सक्षम होगा।