जयपुर में जगतपुरा इलाके में स्थित दी महिमा पनोरमा रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी के एल-ब्लॉक में 23 अक्टूबर, 2025 की रात को एक आवासीय लिफ्ट दूसरी मंजिल से बेसमेंट में गिर गई. इस घटना में एक ही परिवार के आठ सदस्य घायल हो गए, जिनमें पांच वयस्क और तीन बच्चे शामिल थे.
शिकायतकर्ता मिथिलेश मीणा (43), जो खाद्य मंत्रालय में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, अपने परिवार के साथ रात करीब 9:30 बजे खाना खाने के लिए लिफ्ट में चढ़े थे. लिफ्ट दूसरी मंजिल पर अटक गई और इमरजेंसी बटन दबाने के बाद मेंटेनेंस स्टाफ ने ऊपर जाकर कुछ किया, जिसके बाद लिफ्ट अचानक टूटकर बेसमेंट में गिर गई.
हादसे में मिथिलेश मीणा का पैर फ्रैक्चर हो गया और परिवार के बाकी सदस्यों को मामूली चोटें आईं. उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.
चार महीने के बेड रेस्ट के बाद मिथिलेश मीणा ने रामनगरिया थाने में सोसायटी के अध्यक्ष अजय मीणा, सचिव अंकुर अग्रवाल और कोषाध्यक्ष कुंती देवी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. मिथिलेश मीणा का आरोप है कि सोसायटी के पदाधिकारियों ने लिफ्ट और अन्य उपकरणों के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई.