घटना 28 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है। वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी पुलिस लाइन में तैनात निर्मल बताया जा रहा है। चश्मदीदों के अनुसार, निर्मल अचानक रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य सड़क पर आ गया और लहराते हुए वाहनों को हाथ देकर रुकवाने लगा। उसकी स्थिति ऐसी थी कि वह सड़क पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए कॉन्स्टेबल ने एक कार को रुकवाया। जब कार सवार युवक बाहर निकला, तो कॉन्स्टेबल ने उसके कंधे पर हाथ रखने की कोशिश की।
पैर छूने की जिद: जब युवक पीछे हटा, तो कॉन्स्टेबल हाथ जोड़कर उसके पीछे चलने लगा और सड़क पर ही झुककर युवक के पैर छूने लगा।
हादसे से बचाव: इस ड्रामे के दौरान कॉन्स्टेबल सड़क पर इतना बेकाबू था कि वह एक गुजरती हुई रोडवेज बस की चपेट में आने से महज कुछ इंच की दूरी से बच गया।
जब वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मी से उसका नाम पूछा और उसकी इस हालत पर सवाल उठाए, तो उसने लड़खड़ाती हुई जुबान में अपनी वर्दी पर लगी नेम प्लेट को हाथ से छिपाने का प्रयास किया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी पूरी तरह से शराब के नशे में डूबा हुआ था और ड्यूटी की मर्यादा भूल चुका था।
वीडियो वायरल होने के बाद जब उच्च अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मामले में अनभिज्ञता जताई। पुलिस लाइन के आरआई राजकुमार पूनियां ने पुष्टि की कि निर्मल पुलिस लाइन में तैनात है, लेकिन उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई वीडियो उनके संज्ञान में नहीं आया है।
सार्वजनिक स्थान पर पुलिस की वर्दी पहनकर नशे में इस तरह की हरकत करने से स्थानीय लोगों में काफी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां पुलिस को सुरक्षा का जिम्मा संभालना चाहिए, वहां पुलिसकर्मी खुद तमाशा बन रहे हैं। अब देखना यह होगा कि वीडियो सामने आने के बाद विभाग इस लापरवाह कॉन्स्टेबल पर क्या अनुशासनात्मक कार्यवाही करता है।